विश्व
ट्रंप-मेलोनी विवाद पर इटली सरकार एकजुट, उपप्रधानमंत्री साल्विनी ने किया अपनी पीएम का बचाव
jantaserishta.com
20 Jun 2026 5:47 PM IST

x
रोम: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों से वाशिंगटन और रोम के बीच कूटनीतिक तनाव पैदा हो गया है। इस सबके बीच इटली के उपप्रधानमंत्री और बुनियादी ढांचा मंत्री मातियो साल्विनी ने शनिवार को प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का बचाव किया और सरकार के प्रति एकजुटता दोहराई।
मिलान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान साल्विनी ने कहा, “मैं सिर्फ इतना दोहरा सकता हूं कि जो प्रधानमंत्री पर हमला करता है, वह पूरी सरकार और पूरे इटली पर हमला करता है। हालांकि इससे दोनों मित्र देशों और उनकी जनता के बीच संबंध प्रभावित नहीं होंगे।”
यह विवाद तब शुरू हुआ जब ट्रंप ने आरोप लगाया कि मेलोनी ने जी-7 शिखर सम्मेलन में उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए “मिन्नतें की थीं” और वह होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दे पर "अनुपस्थित" रहीं।
ट्रंप ने कहा था, “वह मेरी समर्थक थीं, लेकिन अब मैं उन्हें पसंद नहीं करता।” इस पर मेलोनी ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए तस्वीर से जुड़े दावों को “पूरी तरह मनगढ़ंत” बताया और सहयोगी देशों के प्रति अमेरिकी राष्ट्रपति के रवैये पर आश्चर्य जताया।
विवाद बढ़ने के बाद इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला ने मेलोनी के प्रति एकजुटता व्यक्त की। वहीं, विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने अपनी अमेरिका यात्रा रद्द कर दी। ताजानी ने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप के प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के प्रति गंभीर और अपमानजनक शब्द पूरे इटली का अपमान हैं। इसी कारण मैंने 21 और 22 जून को प्रस्तावित अपनी अमेरिका यात्रा रद्द करने का फैसला किया है।”
रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने इटली के टीवी कार्यक्रम 'एल'आरिया चे तिरा' को दिए एक टेलीफोनिक इंटरव्यू में कहा, “जॉर्जिया मेलोनी ने मेरे साथ फोटो खिंचवाने की भीख मांगी थी। वह मेरे साथ तस्वीर चाहती थीं। मैं शायद ऐसा नहीं करता, लेकिन मुझे उन पर तरस आ गया।”
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने संवाददाता से पूछा, “आपकी प्रधानमंत्री कैसी हैं?” जब उनसे एवियन शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी के साथ हुई बातचीत पर टिप्पणी मांगी गई तो उन्होंने जवाब दिया, “शायद वह खुश हैं कि मैंने उनसे बात की। मुझ पर उनसे बात करने की कोई बाध्यता नहीं थी।”
ट्रंप ने आगे कहा कि यूरोप ने ऊर्जा और आव्रजन दोनों मुद्दों पर गंभीर गलतियां की हैं। उन्होंने कहा, “यूरोपियों ने ऊर्जा नीति पर सब कुछ गलत किया और आव्रजन पर भी सब कुछ गलत किया। अगर वे इन समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं, तो यूरोप कभी पहले जैसा नहीं रहेगा।”
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





