विश्व

स्विट्जरलैंड को भारत का चीज़ जवाब, PM मोदी ने भेंट किए तीन अवॉर्ड विनर

nidhi
6 Oct 2026 2:38 PM IST
स्विट्जरलैंड को भारत का चीज़ जवाब, PM मोदी ने भेंट किए तीन अवॉर्ड विनर
x
स्विस राष्ट्रपति को मिले तीन खास भारतीय चीज़
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन को नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान तीन पुरस्कार विजेता भारतीय चीज़ भेंट किए। इनका नाम गुलमर्ग, कोणार्क और येओर है। यह उपहार खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि स्विट्जरलैंड दुनिया भर में अपनी समृद्ध चीज़ परंपरा के लिए जाना जाता है, जबकि भारत का आर्टिसनल चीज़ सेक्टर भी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहा है।
तीनों चीज़ अपनी बनावट, स्वाद और बनाने की शैली के कारण एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। इनमें से कुछ ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पुरस्कार भी जीते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अप्रैल 2026 में भारतीय चीज़ निर्माताओं की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि की सार्वजनिक रूप से सराहना भी की थी।
गुलमर्ग: फ्रेंच-स्टाइल Brie, जिसने जीता Super Gold
गुलमर्ग एक फ्रेंच-स्टाइल Brie चीज़ है। इसे पाश्चराइज्ड गाय के दूध से बनाया जाता है और इसका आकार दिल जैसा रखा जाता है। इसकी बनावट नरम और क्रीमी होती है, जबकि ऊपर की सफेद परत इसे खास पहचान देती है। स्वाद में इसमें हल्के मिट्टी और मशरूम जैसे नोट्स मिलते हैं। गुलमर्ग ने Mundial do Queijo do Brasil 2026 में Super Gold पुरस्कार जीता था। इसी उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय चीज़ निर्माताओं को बधाई दी थी।
कोणार्क: प्राकृतिक रिंड और नींबू जैसा फिनिश
दूसरा चीज़ कोणार्क है, जो फ्रेंच Tomme-style cheese से प्रेरित है। इसकी बाहरी परत प्राकृतिक और रस्टिक होती है, जबकि अंदर की बनावट मुलायम और लचीली रहती है।इसका स्वाद अर्थी और सेवरी बताया जाता है, जिसके आखिर में हल्की नींबू जैसी ताजगी महसूस होती है। कोणार्क ने 2023 World Cheese Awards में गोल्ड और 2025 में स्विट्जरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था।
येओर: स्विस Gruyère से प्रेरित भारतीय माउंटेन चीज़
तीसरा चीज़ येओर है, जिसकी कहानी भारत और स्विट्जरलैंड के कनेक्शन को और दिलचस्प बनाती है। यह एक माउंटेन-स्टाइल चीज़ है, जिसे स्विस Gruyère से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है। येओर को करीब 8 से 9 महीने तक एज किया जाता है। इससे इसमें नट्स जैसा, हल्का मीठा और जड़ी-बूटियों वाला स्वाद विकसित होता है। इसकी बाहरी परत पर गुलाब की पंखुड़ियों और सौंफ का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसे खास भारतीय पहचान मिलती है। यह आसानी से पिघलता है और फोंडू तथा ग्रिल्ड डिशेज में इस्तेमाल किया जा सकता है।

भारतीय चीज़ को वैश्विक पहचान

भारत का आर्टिसनल चीज़ सेक्टर पिछले कुछ वर्षों में तेजी से पहचान बना रहा है। अप्रैल 2026 में भारत ने Mundial do Queijo do Brasil में 1 Super Gold, 2 Gold और 1 Silver सहित कई पदक जीते थे। इसमें गुलमर्ग के अलावा Yak Churpi-Soft, Brunost और Kaali Miri जैसे भारतीय उत्पाद भी शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्विस राष्ट्रपति को भारतीय चीज़ भेंट करना सिर्फ राजनयिक शिष्टाचार नहीं, बल्कि भारत के उभरते प्रीमियम डेयरी और आर्टिसनल फूड सेक्टर को प्रदर्शित करने का एक प्रतीकात्मक तरीका भी माना जा रहा है।
Next Story