विश्व

उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में लगातार बारिश से एक घर की छत गिरी, हादसे में 5 लोगों की मौत और 2 घायल

Apurva Srivastav
12 Jan 2022 5:01 PM GMT
उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में लगातार बारिश से एक घर की छत गिरी, हादसे में 5 लोगों की मौत और 2 घायल
x
उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में लगातार बारिश के कारण एक घर की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में लगातार बारिश के कारण एक घर की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार देर रात पेशावर की इंकलाब कालोनी में हुई। बचाव अधिकारियों ने बताया कि छत गिरने से परिवार के सभी सात सदस्य मलबे में दब गए। मलबे में दबने से पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी दो सदस्यों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने पांच सदस्यों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है। आपको बता दें कि पाकिस्तान में लगातार बारिश और भारी बर्फबारी के बीच प्राकृतिक आपदा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस घटना से पहले खैबर पख्तूनख्वा (केपी) में भी भारी बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई थी। 3 से 10 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी के दौरान पाकिस्तान के केपी के विभिन्न हिस्सों में छत और दीवार गिरने के साथ-साथ भूस्खलन की घटनाओं में लगभग 46 लोग घायल हुए थे।
पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही पर रोक
दूसरी ओर से प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 से 10 जनवरी तक केपी के विभिन्न जिलों में 109 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए थे। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है। इससे पहले भी उत्तरी पाकिस्तान में भारी बर्फबारी के कारण कारों में फंसे 21 पर्यटकों की मौत हो गई थी। स्थानीय मीडिया के अनुसार सुरक्षा बलों ने एक हजार से अधिक पर्यटकों को प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकाला था। सरकार ने लगातार घटनाओं के चलते लोगों की सुरक्षा के लिए पहाड़ी इलाकों में आवाजाही पर रोक लगा दी है।


Next Story