विश्व

यूक्रेन में भीषण गोलाबारी, जेलेंस्की बोले- हम नहीं करने वाले आत्मसर्मपण

Gulabi Jagat
7 Jun 2022 2:38 PM GMT
यूक्रेन में भीषण गोलाबारी, जेलेंस्की बोले- हम नहीं करने वाले आत्मसर्मपण
x
यूक्रेन में भीषण गोलाबारी
कीव, एपी। पूर्वी यूक्रेन में भीषण गोलाबारी के बीच रूस ने यूक्रेनी रक्षा पंक्ति को ध्वस्त करने के लिए अपने और सैनिकों को मैदान में उतार दिया है। यूक्रेनी सेना भी सीविरोडोनेस्क से रूसी सैनिकों को खदेड़ने के लिए गली-गली में फैल चुकी है और उनका पुरजोर मुकाबला कर रही है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक वीडियो संदेश में कहा कि यूक्रेनी सैनिकों की संख्या बढ़ी है और वे आत्मसर्मपण नहीं करने वाले। इस बीच, रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने लुहांस्क के 97 प्रतिशत क्षेत्र को 'मुक्त' कराने का दावा किया है।
लुहांस्क के गवर्नर शेरी हैदाई ने मंगलवार को बताया कि रूसी सैनिकों ने सीविरोडोनेस्क के तटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। यह यूक्रेन के आधिपत्य वाले लुहांस्क क्षेत्र का एक प्रमुख शहर है। हैदाई ने कहा, 'सीविरोडोनेस्क की गलियों में भीषण युद्ध जारी है, जिसने सफलता के मायने बदल दिए हैं। स्थितियां लगातार बदल रही हैं, लेकिन यूक्रेनी सैनिक हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।'
रूस, यूक्रेन के संपूर्ण डोनबास पर कब्जा करना चाहता है, जिसमें डोनेस्क व लुहांस्क क्षेत्र शामिल हैं। रूस के पास बेहतर हथियार हैं, लेकिन यूक्रेन का दावा है कि उसके बेहतरीन प्रशिक्षित सैनिक रूसी हमलों का मुकाबला करने में सक्षम हैं। रूस सीविरोडोनेस्क के करीब अपने संपूर्ण नियंत्रण वाले लिसिचांस्क पर भी बमबारी कर रहा है। हैदिया ने बताया कि रूसी सैनिक स्थानीय बाजार, स्कूल व कालेज भवनों पर भी बमबारी कर रहे हैं। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस सीविरोडोनेस्क पर कब्जे की हर युक्ति आजमा रहा है।
अनाज भेजने के लिए तैयार हैं मारीपोल व बर्डियांस्क बंदरगाह : रूस
रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने कहा कि यूक्रेनी बंदरगाह मारीपोल व बर्डियांस्क पर बिछाई गई माइंस हटा ली हैं और वे अनाजों की खेप भेजने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहां मालवाहक जहाजों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। इस बीच, यूक्रेन के कृषि नीति मामलों के प्रथम उप मंत्री तारास वायसोस्की ने कहा कि अगर रूस काला सागर के बंदरगाहों से नाकाबंदी नहीं हटाता है, तो उनका देश हर महीने सिर्फ 20 लाख टन अनाज का निर्यात कर पाएगा। युद्ध की शुरुआत के पूर्व यूक्रेन हर महीने 60 लाख टन अनाज का निर्यात करता था। बंदरगाहों पर रूस के कब्जे के बाद इसमें कमी आई है।
चीनी राजनयिक ने यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने को लेकर चेताया
संयुक्त राष्ट्र मिशन में चीन के उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत दाई बिंग ने सोमवार को यूक्रेन को लगातार हथियार उपलब्ध कराने और रूस के खिलाफ प्रतिबंध लगाने को लेकर चेतावनी दी है। यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में यौन हिंसा व मानव तस्करी पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक बैठक में बिंग ने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय समुदाय को शांति बहाली तथा यूक्रेन व रूस को वार्ता शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। हथियार मुहैया कराने और प्रतिबंध लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इससे युद्ध और लंबा खिंच सकता है।'
खार्कीव में वैगनर समूह के लड़ाके को स्नाइपर ने मार गिराया
रूस के लिए युद्ध कर रहे वैगनर समूह के लड़ाके व्लादिमीर एंडोनोव को टोही मिशन के दौरान एक स्नाइपर ने पांच जून को खार्कीव के पास मार गिराया। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक एंडोनोव को रूसी अपना हीरो मानते थे, जबकि यूक्रेनी उसे जल्लाद कहते थे। आरोप है कि उसने यूक्रेन पर वर्ष 2014 में हुए रूसी हमले के दौरान युद्ध नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए कई नागरिकों की हत्या की थी।
Gulabi Jagat

Gulabi Jagat

    Next Story