विश्व

सिडनी में मनाया गया HAPPY NEW YEAR 2026 का जश्न

Shantanu Roy
31 Dec 2025 6:32 PM IST
सिडनी में मनाया गया HAPPY NEW YEAR 2026 का जश्न
x
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। दुनिया में सबसे पहले नए साल का स्वागत करने वाले प्रमुख शहरों में शामिल ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में HAPPY NEW YEAR 2026 का जश्न पूरे उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। न्यू ईयर ईव की सबसे बड़ी पहचान मानी जाने वाली सिडनी हार्बर ब्रिज और ओपेरा हाउस के आसपास की भव्य आतिशबाजी देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जमा हुए। जैसे ही स्थानीय समयानुसार आधी रात हुई, आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा और सिडनी ने 2026 का जोरदार स्वागत किया।
न्यू ईयर ईव के इस ऐतिहासिक मौके को अपनी आंखों से देखने के लिए लोगों ने दिन भर इंतजार किया। कई दर्शक तो सही जगह पाने के लिए रात भर कैंप लगाकर बैठे रहे। हार्बर के आसपास घंटों पहले से ही भारी भीड़ मौजूद थी। जैसे ही घड़ियों ने आधी रात का संकेत दिया, जोरदार तालियों, संगीत और आतिशबाजी के बीच नया साल शुरू हुआ। इस नजारे को दुनियाभर के लोगों ने लाइव प्रसारण के जरिए भी देखा।


दुनिया के लिए खास रहा सिडनी का जश्न

हर साल की तरह इस बार भी सिडनी का न्यू ईयर सेलिब्रेशन दुनियाभर के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। सिडनी हार्बर ब्रिज की आतिशबाजी को नए साल की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। 2026 के आगमन के साथ ही लोगों ने शांति, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की कामना की। रंगीन रोशनी, संगीत, उल्लास और उत्साह के बीच सिडनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उसे दुनिया के सबसे शानदार न्यू ईयर सेलिब्रेशन वाले शहरों में गिना जाता है।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ जश्न
हाल ही में बॉन्डी इलाके में हुई जानलेवा गोलीबारी की घटना के बाद सिडनी में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही थी। इसे देखते हुए न्यू ईयर ईव के मौके पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की संख्या बढ़ा दी गई थी। शहर के प्रमुख इलाकों, खासतौर पर सिडनी हार्बर, ओपेरा हाउस और हार्बर ब्रिज के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।
ब्रिटेन के न्यूकैसल के पास रहने वाले जो और लूसी ने बताया कि उन्होंने अपने ऑस्ट्रेलिया ट्रिप का समय जानबूझकर इस तरह तय किया ताकि वे सिडनी हार्बर ब्रिज की मशहूर आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत कर सकें। हालांकि, बॉन्डी में हुई घटना के बाद वे सिडनी आने को लेकर असमंजस में थे। जो ने कहा, “हमें न्यू ईयर ईव पर यहां आने को लेकर चिंता थी, लेकिन खबरों में पढ़ा कि सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जिससे हमें थोड़ा सुरक्षित महसूस हुआ।” इसी तरह, क्रिस लियू ने भी इलाके में बढ़ी हुई पुलिस मौजूदगी पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बॉन्डी हमला बेहद दुखद था, लेकिन इससे उनके यात्रा और जश्न के प्लान पर कोई असर नहीं पड़ा।
हार्बर के किनारे घंटों का इंतजार
सिडनी हार्बर के सबसे बेहतरीन नजारे वाली जगहों को पाने के लिए लोग सुबह से ही लाइन में लग गए थे। कुछ दर्शकों ने तो सिडनी ओपेरा हाउस के पास रात भर कैंप लगाकर बिताई। न्यूज़ीलैंड से आई नतालिया विलियम्स ने BBC को बताया कि वह हार्बर ब्रिज का सबसे अच्छा नजारा पाने के लिए सुबह 7 बजे ही वहां पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा, “इंतजार करना पूरी तरह से फायदेमंद रहा।” स्थानीय प्रशासन की ओर से हार्बर के किनारे करीब 50 बेहतरीन व्यूइंग स्पॉट बनाए गए थे, जहां से रात 11 बजे और आधी रात की आतिशबाजी देखी जा सकती थी। दोपहर 3 बजे तक इनमें से कई जगहें पूरी तरह भर चुकी थीं।
इंडोनेशिया में भी नए साल का स्वागत, लेकिन सादगी के साथ
ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ इंडोनेशिया में भी नए साल के स्वागत की तैयारियां देखने को मिलीं। तीन टाइम ज़ोन में फैले इस देश में अलग-अलग इलाकों में स्ट्रीट पार्टियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाली (GMT +8) के डेनपसार में रंग-बिरंगे परिधानों में सजे डांसरों ने परेड में हिस्सा लिया और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए। हालांकि, इस साल इंडोनेशिया में पारंपरिक आतिशबाजी नहीं की गई। अधिकारियों ने बताया कि सुमात्रा द्वीप पर हाल ही में आई जानलेवा बाढ़ के पीड़ितों के प्रति संवेदना जताते हुए बड़े सार्वजनिक प्रदर्शनों से बचने का फैसला लिया गया है। सरकार ने सादगी और शांति के साथ नए साल के स्वागत का समर्थन किया।
Next Story