विश्व

फ्रांस : इस्लामिक कट्टरपंथी ने दो महिला पुलिसकर्मी को गोली मारकर किया घायल

Khushboo Dhruw
28 May 2021 6:16 PM GMT
फ्रांस : इस्लामिक कट्टरपंथी ने दो महिला पुलिसकर्मी को गोली मारकर किया घायल
x
फ्रांस में एक इस्लामिक कट्टरपंथी शख्स ने महिला पुलिसकर्मी को थाने में घुसकर धारदार हथियार से और उसके बाद दो पुलिसकर्मियों को गोली मारकर घायल कर दिया।

फ्रांस में एक इस्लामिक कट्टरपंथी शख्स ने महिला पुलिसकर्मी को थाने में घुसकर धारदार हथियार से और उसके बाद दो पुलिसकर्मियों को गोली मारकर घायल कर दिया। जवाबी गोलीबारी में हमलावर भी मारा गया। मारा गया शख्स अपनी घृणास्पद धार्मिक गतिविधियों के चलते पुलिस की निगरानी सूची में था। वह सिजोफ्रेनिया नाम की दिमागी बीमारी से पीडि़त था। गृह मंत्री जेराल्ड डर्मेनियन ने बताया है कि मारा गया हमलावर 40 वर्षीय फ्रांसीसी नागरिक था। वह हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और मानसिक रोग के लिए उसका इलाज चल रहा था।

हमले में घायल तीनों पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीनों ही खतरे से बाहर हैं। ला चैपेल-सर-एंड्रे शहर के उपनगर नांटेस में हुई इस घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। लेकिन इसके आतंकी वारदात होने से भी इन्कार नहीं किया गया है। डर्मेनियन ने कहा कि हमलावर का स्पष्ट उद्देश्य पुलिस पर हमला करना था। लेकिन अभी तक की जांच में किसी आतंकी संगठन से हमलावर का संबंध स्थापित नहीं हुआ है।
शहर के मेयर फैब्रिस रसेल के अनुसार हमलावर थाने में सुबह के समय यह कहते हुए दाखिल हुआ कि उसे एक कार से समस्या हो रही है। इसी बीच वह महिला पुलिसकर्मी के पास पहुंच गया और उसने छिपाकर रखा धारदार हथियार निकालकर हमला बोल दिया। हमले में महिला पुलिसकर्मी के हाथ और पैर जख्मी हो गए। इसके बाद हमलावर महिला पुलिसकर्मी की रायफल उठाकर वहां से भाग खड़ा हुआ। कुछ ही देर बाद उसकी तलाश के लिए अभियान छेड़ा गया। कई हेलीकॉप्टरों और 200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने नजदीक के स्थानों पर उसे खोजने की कोशिश की।
कुछ ही देर की मशक्कत के बाद हमलावर को छिपने के स्थान पर घेर लिया गया। जब उसे हथियार डालकर समर्पण के लिए कहा गया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में हमलावर गंभीर रूप से घायल हो गया, बाद में उसने दम तोड़ दिया। हाल के हफ्तों में फ्रांस में दो पुलिसकर्मियों की हत्या हुई है। इनमें से एक महिला पुलिसकर्मी को पेरिस स्थित थाने के भीतर आतंकी वारदात में धारदार हथियार से मार डाला गया था।


Next Story