विश्व

पूर्व राष्ट्रपति का निधन

Nilmani Pal
31 March 2026 6:16 AM IST
पूर्व राष्ट्रपति का निधन
x
ब्रेकिंग

सूरीनाम। दक्षिण अमेरिकी देश सूरीनाम के पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी का निधन हो गया है. संतोखी ने सोमवार को 67 साल की उम्र में आखिरी सांस ली. सूरीनाम की वर्तमान राष्ट्रपति जेनिफर सिमंस ने उनके निधन की पुष्टि की है. राष्ट्रपति जेनिफर सिमंस ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए चंद्रिकाप्रसाद संतोखी के निधन की जानकारी दी. सिमंस ने संतोखी को के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी.

फिलहाल संतोखी के अचानक निधन के कारण का पता नहीं चल पाया है. वो राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद भी संसद सदस्य के रूप में सक्रिय थे. सिमंस ने अपने बयान में संतोखी के लिए लिखा, 'अलग-अलग सार्वजनिक कार्यालयों में उनकी कई सालों की सेवा को याद रखा जाएगा.' बता दें कि संतोखी ने 2020 से 2025 तक देश के राष्ट्रपति के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं. चंद्रिकाप्रसाद संतोखी 'प्रोग्रेसिव रिफॉर्म पार्टी' के अध्यक्ष थे. पिछले साल के चुनावों में उन्हें किसी भी दूसरे सांसद के मुकाबले में सबसे ज्यादा वोट मिले थे. हालांकि, उनकी पार्टी सिमंस की 'नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी' से मामूली अंतर से पीछे रह गई, जिसके बाद एक गठबंधन समझौते के तहत जेनिफर सिमंस राष्ट्रपति बनीं.

अपने कार्यकाल के दौरान संतोखी ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) समर्थित कई कड़े आर्थिक सुधार लागू किए. उनके विरोधियों का आरोप था कि इन सुधारों ने समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी. जुलाई में सांसदों को संबोधित करते हुए संतोखी ने कहा था, 'मैंने अपनी कमियों की जिम्मेदारी ली है और उम्मीद है कि मुझे मेरी कमिटमेंट के लिए याद किया जाएगा.'

राष्ट्रपति बनने से पहले संतोखी पुलिस कमिश्नर और न्याय मंत्री रह चुके थे. उन्होंने 1982 में सरकार के 15 प्रमुख आलोचकों की हत्या के मामले की जांच की और इसे आगे बढ़ाने पर जोर दिया. इसी मामले में पूर्व राष्ट्रपति डेसी बॉउटर्स को 2019 में दोषी ठहराया गया था.


Next Story