
गाजा। इजरायल (Israel) ने कतर में चल रही सीजफायर वार्ता के बीच गाजा में फूड का इंतजार कर रहे लोगों पर गोलीबारी की है. गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रविवार को उत्तरी गाजा में संयुक्त राष्ट्र सहायता ट्रकों का इंतज़ार कर रहे करीब 67 फ़िलिस्तीनी इसरायली गोलीबारी में मारे गए. इस बीच, इसराइल ने विस्थापित लोगों से भरे इलाकों को खाली कराने के नए आदेश जारी किए हैं. मंत्रालय ने बताया कि उत्तरी गाजा में हुई इस घटना में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं. यह हाल ही में सहायता चाहने वालों की बार-बार हुई मौतों में सबसे ज़्यादा मौतों में से एक है, जिनमें शनिवार को 36 लोग मारे गए थे. मंत्रालय ने बताया कि दक्षिण में एक अन्य एड साइट के पास 6 और लोग मारे गए.
इसराइली सेना ने कहा कि उसके सैनिकों ने रविवार को उत्तरी गाजा में हज़ारों लोगों की भीड़ पर चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं, जिससे 'तत्काल ख़तरे' को दूर किया जा सके. सेना ने आगे कहा कि हताहतों की संख्या बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई है और हम जानबूझकर मानवीय सहायता ट्रकों को निशाना नहीं बना रहा है.संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने कहा कि गाजा में प्रवेश करने के तुरंत बाद, खाद्य सहायता ले जा रहे डब्ल्यूएफपी के 25 ट्रकों के काफिले का सामना भूखे नागरिकों की भारी भीड़ से हुआ, जिन पर गोलीबारी की गई.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हमास के एक अधिकारी ने बताया कि हम बढ़ती मौतों और भूख के संकट से नाराज़ हैं और इससे कतर में चल रही सीजफायर वार्ता पर बुरा असर पड़ सकता है. स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि रविवार को पूरे इलाके में इजरायली गोलीबारी और हवाई हमलों में कुल 90 लोग मारे गए.





