विश्व

रूस-यूक्रेन युद्ध की बढ़ीं आशंकाएं, गोलाबारी में यूक्रेन के दो सैनिक मरे

Renuka Sahu
23 Feb 2022 5:01 AM GMT
रूस-यूक्रेन युद्ध की बढ़ीं आशंकाएं, गोलाबारी में यूक्रेन के दो सैनिक मरे
x
रूस-यूक्रेन के बीच जारी विवाद रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन द्वारा पूर्वी यूक्रेन में दो अलग-अलग क्षेत्रों को मान्यता देने के बाद चरम पर आ गया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच जारी विवाद रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन द्वारा पूर्वी यूक्रेन में दो अलग-अलग क्षेत्रों को मान्यता देने के बाद चरम पर आ गया है। मंगलवार को दोनेस्क में बिना संकेतकों वाले टैंक भी देखे गए जबकि यूक्रेन ने माना कि उसके दो सैनिक 24 घंटे चली गोलाबारी में मारे गए हैं और 12 घायल हुए हैं। उधर, रूस को पश्चिमी देशों के कठोर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा।

यूक्रेन ने स्वीकार किया कि दोनेस्क और लोहान्स्क प्रांतों को अलग से मान्यता देने के बाद से पिछले 24 घंटे में सीमावर्ती क्षेत्र में जबरदस्त गोलाबारी हुई है। इसमें उसके दो सैनिकों के मारे जाने के बाद से तनाव और बढ़ गया है। उधर, रूसी आदेश मिलने के बाद क्षेत्र में रूसी टैंक और अन्य सैन्य साजो सामान अलगाववादियों के नियंत्रण वाले दोनेस्क शहर में देखे गए। इन वाहनों पर कोई प्रतीक चिन्ह दिखाई नहीं दिया।

पश्चिमी देश फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि पुतिन आगे क्या करेंगे और क्या रूस अपने पूर्व सोवियत पड़ोसी देशों की सीमाओं के पास सैनिकों को एकत्र करने तथा यूरोप में सुरक्षा व्यवस्था को फिर से चुनौती देने की कोशिश कर रहा है।
हालात बिगड़ते देख यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उनका देश मॉस्कों के साथ कूटनीतिक रिश्ते तोड़ सकता है। उधर, युद्ध की बढ़ती आशंकाओं के बीच मंगलवार को तेल की कीमतें सात साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं और दुनिया भर के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
Next Story