
दिल्ली। सुपर-ऐप इकोसिस्टम को लेकर दुनियाभर में काम हो रहा है. सरकार से लेकर बड़ी-बड़ी कंपनियां अपनी सभी सर्विस को एक ही ऐप के जरिए देना चाहती हैं, जिससे यूजर्स को अलग-अलग ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत ना पड़े.
भारत में जहां Umang App है, जिसके अंदर भारत सरकार की बहुत सी सेवाओं का फायदा उठाया जा सकता है. वहीं, चीन में भी लगभग हर एक काम के लिए WeChat इस्तेमाल होता है. इसी दिशा में दुनिया के सबसे अमीर शख्स Elon Musk पूरी दुनिया के लिए लिए Everything App बनाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसका नाम X है. Elon Musk ने साल 2022 में माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Twitter को एक्वायर किया था. तब से वह इस ऐप को Everything App में तब्दील करने को लेकर काम कर रहे हैं. मस्क का उद्देश्य है कि उनका X प्लेटफॉर्म भविष्य में ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म बने, जहां मैसेजिंग, पेमेंट, सोशल मीडिया, शॉपिंग और वीडियो कॉलिंग आदि की सुविधाएं एक ही जगह पर मिले.
Elon Musk की कंपनी X Money को लेकर आ रही है. अगले महीने से इसका बीटा वर्जन लॉन्च हो जाएगा. इसकी मदद से यूजर्स मनी ट्रांसफर की सुविधा हासिल कर सकेंगे. सुपर ऐप वे प्लेटफॉर्म होते हैं, जहां पर यूजर्स को एक ही ऐप के अंदर कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं, जैसा कि हाल ही में भारतीय रेल ने रेल वन ऐप को लॉन्च किया है, जिसमें एक ही ऐप के अंदर अनारक्षित टिकट, रिजर्वेशन टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और ट्रेन का लाइव स्टेटस आदि चेक किया जा सकता है. Elon Musk के ऐप में यूजर्स को अभी मैसेजिंग, सोशल मीडिया, वीडियो और कंटेंट क्रिएटर्स को कमाई करने का मौका दिया जाता है. X प्लेटफॉर्म पर आने वाले दिनों में कई अच्छे फीचर्स देखने को मिलेंगे.





