विश्व

डोनाल्ड ट्रंप की मौत की अफवाह उड़ी, हैशटैग #TrumpIsDead ट्रेंड पर

Nilmani Pal
31 Aug 2025 6:26 AM IST
डोनाल्ड ट्रंप की मौत की अफवाह उड़ी, हैशटैग #TrumpIsDead ट्रेंड पर
x

अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों ने इस हफ्ते अचानक जोर पकड़ लिया. कई दिनों तक सार्वजनिक मंचों से गायब रहने और व्हाइट हाउस के आधिकारिक शेड्यूल में कार्यक्रमों के अभाव ने इन अटकलों को और हवा दी. हालांकि शनिवार को इन अफवाहों पर विराम लग गया. दरअसल, मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद राष्ट्रपति ट्रंप किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर नहीं आए थे. वहीं, शुक्रवार को श्रम दिवस वीकेंड (Labor Day Weekend) के लिए व्हाइट हाउस ने खाली शेड्यूल जारी किया. इसी के बाद से सोशल मीडिया पर #TrumpIsDead और #WhereIsTrump जैसे हैशटैग तेजी से ट्रेंड करने लगे और ट्रंप की तबीयत या मौत को लेकर साजिशी थ्योरियां फैलने लगीं.

शनिवार सुबह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद व्हाइट हाउस में कैमरों के सामने आए. सुबह करीब 8:45 बजे उन्हें अपनी पोती काई ट्रंप और पोते स्पेंसर फ्रेडरिक ट्रंप के साथ देखा गया. ट्रंप सफेद पोलो शर्ट, ब्लैक पैंट और लाल रंग की MAGA (Make America Great Again) कैप पहने वर्जीनिया स्थित अपने गोल्फ क्लब के लिए निकल रहे थे.

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी राष्ट्रपति मीडिया के सामने तो नजर नहीं आए, लेकिन उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट कर संघीय अपील अदालत के उस फैसले पर प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें उनकी व्यापार नीति को चुनौती दी गई थी. इससे भी यह साफ होता है कि वह सक्रिय थे. इस बीच, डेली कॉलर की व्हाइट हाउस संवाददाता रीगन रीस ने भी अफवाहों को पूरी तरह झूठा बताया. उन्होंने X पर लिखा, "सुबह उठते ही देखती हूं कि लोग घबरा रहे हैं कि ट्रंप बीमार हैं या मर गए हैं, क्योंकि उन्हें कुछ दिनों से देखा नहीं गया. लेकिन मैं कल दोपहर राष्ट्रपति के साथ थी और उनका एक घंटे का इंटरव्यू लिया था."

Next Story
null