
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सूचित किया था कि वे साल के अंत में भारत आएंगे, लेकिन अब उन्होंने इस प्लान को कैंसिल कर दिया है. इस रिपोर्ट में किए गए दावे पर फिलहाल अमेरिका और भारत, दोनों ही सरकारों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.दरअसल, भारत इस साल के अंत में क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है. इससे पहले, ट्रंप प्रशासन ने जनवरी में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित की थी, ठीक उसी समय जब ट्रंप ने अपना दूसरा राष्ट्रपति कार्यकाल शुरू किया था.
रिपोर्ट में बताया गया है कि व्यापारिक तनावों के बीच ट्रंप और मोदी के बीच संबंध बिगड़ने लगे हैं. विशेष रूप से ट्रंप के बार-बार किए गए दावों ने स्थिति को और जटिल कर दिया है. ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि उन्होंने मई में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन के सैन्य संघर्ष को सुलझाने में मदद की थी. हालांकि, भारत ने इन दावों को लगातार खारिज किया है.





