विश्व

स्वीडन में कुरान जलाने पर बढ़ा विवाद

Sonam
30 Jun 2023 5:05 AM GMT
स्वीडन में कुरान जलाने पर बढ़ा विवाद
x

दिल्ली : स्वीडन में बकरीद के मौके पर कुरान जलाए जाने को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। स्वीडन के इस कदम पर एक तरफ जहां दस से ज्यादा मुस्लिम बहुल देशों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है, वहीं 57 इस्लामिक देशों के संगठन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक को-ऑपरेशन (ओआईसी) ने भी इसकी कड़ी निंदा की है। ओआईसी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि यह घृणित कृत्य पवित्र कुरान और अन्य इस्लामी मूल्यों, प्रतीकों और उसकी पवित्रता का उल्लंघन करने का प्रयास है। बता दें कि स्वीडन में बुधवार को स्टॉकहोम सेंट्रल मस्जिद के सामने सलवान मोमिका नाम के शख्स ने कुरान जलाकर प्रदर्शन किया था।

इसके लिए उसे स्वीडिश सरकार से परमिशन मिली थी। अभिव्यक्ति की आजादी के तहत एक दिन के प्रदर्शन के लिए यह इजाजत दी गई थी। प्रदर्शन कर रहे शख्स ने कुरान के कुछ पन्नों को फाडक़र उसमें आग लगा दी। इसके बाद उसने स्वीडन का झंडा भी लहराया। प्रोटेस्ट देख रहे 200 लोगों में से कुछ उसके पक्ष में तो कुछ विरोध में नारे लगाते हैं। इनमें से एक व्यक्ति ने अरबी में गॉड इज ग्रेट चिल्लाकर प्रदर्शनकारी पर पत्थर भी फेंका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उधर, स्वीडन में कुरान जलाने पर तुर्किये ने विरोध जताया है। तुर्किये के विदेश मंत्रालय ने इसे जघन्य अपराध बताया है।

मोरक्को ने वापस बुलाया अपना राजदूत

कुरान जलाए जाने की घटना के विरोध में मोरक्को ने स्वीडन से अपने राजदूत को अनिश्चितकाल के लिए वापस बुला लिया है। मोरक्को के विदेश मंत्रालय ने स्वीडन के राजनयिक को भी समन किया। मोरक्को ने राजनयिक से इस घटना को लेकर अपना असंतोष जाहिर किया और कहा कि इस तरह की घटनाओं को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Next Story