
पेरिस। फ्रांसीसी पुलिस ने शनिवार को पेरिस में 'बैंक ऑफ अमेरिका' की एक इमारत के बाहर बम हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया है. इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला.
राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी अभियोजक कार्यालय (PNAT) ने इस आतंकवाद से संबंधित अपराधों के तहत जांच शुरू कर दी है. इसमें आग या खतरनाक माध्यमों से क्षति पहुंचाने की कोशिश, विस्फोटक उपकरण बनाना और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. आरईएल (RTL) रेडियो की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना शनिवार तड़के पेरिस के 8वें अरोंडिस्मेंट में हुई. गश्त कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बैंक ऑफ अमेरिका के परिसर के पास दो संदिग्धों को एक शॉपिंग बैग ले जाते हुए देखा.
बताया जा रहा है कि जब पुलिस ने उन्हें टोका, तब एक संदिग्ध लाइटर की मदद से एक डिवाइस को जलाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस की मुस्तैदी की वजह से वो अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया. पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया, लेकिन दूसरा संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने पुलिस यूनिट के तुरंत एक्शन की सराहना की है. उन्होंने कहा, 'पेरिस पुलिस प्रीफेक्चर यूनिट के त्वरित हस्तक्षेप को शाबाशी, जिसने पेरिस में रात भर में आतंकवादी प्रकृति के हिंसक कृत्य को विफल करना संभव बना दिया.' नुनेज ने आगे कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय स्थितियों को देखते हुए देश में सतर्कता का स्तर बहुत ऊंचा रखा गया है. उन्होंने सभी सुरक्षा और खुफिया बलों को पूरी तरह से मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है.





