रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बड़ा फैसला, व्लादिमीर पुतीन ने शीर्ष अधिकारियों का किया फेरबदल

फाइल फोटो
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने शुक्रवार को अपने शीर्ष अधिकारियों का फेरबदल किया है। इस फेरबदल में राज्य अंतरिक्ष निगम के नए प्रमुख की नियुक्ति की गई और अपने एक शीर्ष मंत्री को नई व्यापक शक्तियां प्रदान की गई। पुतिन ने दिमित्री रोगोजिन (Dmitry Rogozin) को राज्य-नियंत्रित रोस्कोस्मोस अंतरिक्ष एजेंसी (Roscosmos space agency) के प्रमुख के पद से हटा दिया है। रोस्कोस्मोस अंतरिक्ष एजेंसी,रूस के अंतरिक्ष कार्यक्रम की देखरेख करती है। उन्होंने रोगोजिन की जगह यूरी बोरिसोव (Yury Borisov) को नियुक्त किया, जो रूस के उप प्रधानमंत्री थे। बता दें यूरी बोरिसोव हथियार उद्योगों के प्रभारी थे। बोरिसोव के कर्तव्यों को उद्योग और व्यापार मंत्री डेनिस मंटुरोव (Denis Manturov) को सौंप दिया गया था, जिन्हें उप प्रधानमंत्री का पद भी दिया गया था। मंटुरोव ने 2012 से मंत्री पद संभाला है। मंटुरोव और व्लादिमीर पुतिन ज्यादातर विदेशी और घरेलू यात्राओं में साथ नजर आए हैं।