
x
Australia ऑस्ट्रेलिया : ऑस्ट्रेलिया के मशहूर पर्यटन स्थल कगारी द्वीप (जिसे पहले फ्रेजर आइलैंड कहा जाता था) पर एक 19 वर्षीय कनाडाई युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवती का शव कगारी के पूर्वी तट पर समुद्र किनारे मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती की मौत समुद्र में डूबने से हुई या फिर डिंगो (ऑस्ट्रेलिया के जंगली कुत्ते) के हमले के कारण।
जानकारी के अनुसार, युवती ने अपने दोस्तों और सहकर्मियों को बताया था कि वह सोमवार सुबह करीब 5 बजे तैरने के लिए बीच जा रही है। इसके लगभग डेढ़ घंटे बाद, सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि कगारी बीच पर माहेनो जहाज के पुराने मलबे के पास एक महिला का शव पड़ा है। बताया गया कि उस समय बीच पर SUV से गुजर रहे दो युवकों ने शव के आसपास करीब 10 डिंगो देखे थे। यह दृश्य इतना डरावना था कि वे तुरंत पुलिस को सूचना देने पहुंचे।
पुलिस इंस्पेक्टर पॉल अल्जी ने बताया कि युवती के शरीर पर ऐसे घाव पाए गए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि डिंगो ने शव को नोचा था। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अभी यह तय नहीं किया जा सकता कि युवती की मौत डिंगो के हमले से हुई या वह पहले ही समुद्र में डूब चुकी थी और बाद में डिंगो ने शव को नुकसान पहुंचाया। मौत के असली कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा, जो बुधवार तक मिलने की उम्मीद है।
युवती पिछले करीब छह हफ्तों से कगारी द्वीप पर एक टूरिस्ट हॉस्टल में काम कर रही थी। उसके साथ कनाडा से आई उसकी एक दोस्त भी वहीं काम कर रही है। घटना के बाद से उसकी दोस्त गहरे सदमे में है और उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस कनाडा में रह रहे युवती के परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, इस ताजा घटना ने एक बार फिर कगारी द्वीप पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story





