विश्व

भूकंप फिर आया वेनेजुएला में, दहशत का माहौल

Nilmani Pal
27 Jun 2026 7:22 AM IST
भूकंप फिर आया वेनेजुएला में, दहशत का माहौल
x
ब्रेकिंग

वेनेजुएला। वेनेजुएला में विनाशकारी दोहरे भूकंप के कुछ ही दिनों बाद एक बार फिर धरती कांप गई। 4.9 तीव्रता के नए भूकंप ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। इससे पहले आए दो शक्तिशाली भूकंपों में सैंकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई शहरों में भारी तबाही मची थी। नए झटकों के बाद राहत और बचाव कार्य के बीच लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

बता दें कि दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो भूकंप में अब तक 589 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। जबकि 2,980 लोग घायल हैं। वेनेजुएला में बुधवार यानी 25 जून को साल 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। इसलिए ज्यादातर लोग घरों में थे और फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे। इससे मलबे में दबने वालों की संख्या ज्यादा होने की आशंका है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मलबे के अंदर से आवाजें आ रहीं हैं। सरकार ने देर रात बताया कि 39 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। भूकंप की भयावहता की असल तस्वीर अभी आना बाकी है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप से 10 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की 44% आशंका है। वहीं, एक लाख लोगों के जान गंवाने की 30% आशंका है।

इस आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को 9.5 लाख करोड़ रुपए के नुकसान हो सकता है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने आपातकाल लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड्रिग्ज से बात कर मदद की पेशकश की है। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने दुनियाभर से पहुंचे बचाव दलों का स्वागत किया । उन्होंने शुक्रवार को कहा कि हम मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालेंगे। इस काम में हम दिन-रात जुटे हुए हैं।

Next Story