
बोलीविया। राजधानी ला पाज के पास एल अल्टो शहर में बोलीविया एयरफोर्स का एक हरक्यूलिस सी-130 विमान भयानक दुर्घटना का शिकार हो गया. हादसे में कई लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आ रही है. इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि ये विमान नए बैंक नोटों को देश के अन्य हिस्सों में लेकर जा रही था, लेकिन हादसे के बाद सड़क पर नोट बिखर गए हैं.
स्थानीय मीडिया (एल डेबर, यूनिटेल) के अनुसार, ये हादसा शाम करीब 6 बजे (स्थानीय समय) हुआ, जब विमान लैंडिंग या टेकऑफ के दौरान रनवे से फिसल गया और एयरपोर्ट की बाउंड्री मेश तोड़कर सड़क पर जा गिरा. विमान कई कारों और वाहनों से टकराया, जिससे कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. रिपोर्ट्स में कहा गया है कि विमान नए बैंक नोट्स (मुद्रा) को देश के अन्य हिस्सों में ले जा रहा था.
हादसे में कई लोगों की मौत और घायल होने की खबरें सामने आ रही हैं. कुछ रिपोर्ट्स में कम से कम 12 मौतों का दावा किया जा रहा है, जबकि बोलीवियन पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया है. विमान में सवार लोगों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बोलीवियन एयरफोर्स या सरकार की ओर से अभी कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन एल अल्टो एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.





