
Tehran तेहरान : ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे की शुरुआत शनिवार को राजधानी तेहरान में बेहद गमगीन माहौल में हुई। इस दौरान देशभर से आए लाखों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सड़कों और ग्रैंड मुसल्ला परिसर में एकत्र हुए।
जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को ईरान पर हुए अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों में अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद पूरे देश में शोक की लहर फैल गई। अंतिम संस्कार के दौरान उनके पार्थिव शरीर को इस्लामिक गणराज्य के राष्ट्रीय ध्वज में लपेटा गया और पारंपरिक काली पगड़ी भी रखी गई।
ग्रैंड मुसल्ला परिसर में जैसे ही उनका ताबूत लाया गया, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। इसी हमले में मारे गए उनके परिवार के अन्य सदस्यों के शव भी उनके साथ रखे गए, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती का छोटा ताबूत भी शामिल था।
सुबह से ही हजारों लोग परिसर में पहुंचने लगे और देखते ही देखते मुख्य प्रांगण पूरी तरह भर गया। शोक में डूबे लोगों के हाथों में लाल झंडे और बैनर थे, जिन्हें प्रतिशोध का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान भीड़ ने अमेरिका विरोधी नारे भी लगाए।एक 27 वर्षीय शोककर्ता ने कहा कि वह अपने नेता को अंतिम विदाई देने आया है और यह दिन उसके लिए बेहद भावुक है। पूरे आयोजन में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के कड़े इंतजाम किए गए हैं।





