
अमेरिका। दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर में बढ़ते गैंगवॉर के बीच रविवार देर रात एक नाइटक्लब में हुई फायरिंग ने सनसनी मचा दी. गोलीबारी में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घटना तटीय प्रांत गुआयस के ग्रामीण इलाके सांता लुका में हुई, जिसे देश के सबसे खतरनाक क्षेत्रों में गिना जाता है.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की उम्र 20 से 40 वर्ष के बीच थी. सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान जान गंवा दी.अधिकारियों ने बताया कि हमलावर भारी हथियारों से लैस थे और मोटरसाइकिल व दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे. अभी तक गोलीबारी की वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन घटना दो दिन पहले हुई एक और बड़ी वारदात के बाद सामने आई है. यह घटना उस हमले के दो दिन बाद हुई है, जब बंदूकधारियों ने देश के दक्षिण-पश्चिमी तट पर एल ओरो प्रांत के पास एक नाव पर हमला किया था. उस घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य लापता हैं.
पिछले कुछ महीनों में इक्वाडोर के तटीय प्रांतों- एल ओरो, गुआयस, मैनाबी और लॉस रोस में गैंग वायलेंस के चलते सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं. इन सभी इलाकों में आपातकाल लागू है.





