विश्व

7 शव बरामद, समुद्र में डूबी नाव में सवार थे 100 लोग

Nilmani Pal
10 Nov 2025 7:10 AM IST
7 शव बरामद, समुद्र में डूबी नाव में सवार थे 100 लोग
x
पढ़े पूरी खबर

विश्व की बड़ी खबर. म्यांमार से रोहिंग्या प्रवासियों को लेकर आ रही एक नाव थाईलैंड-मलेशिया बॉर्डर के पास डूब गई. नाव में 100 के करीब प्रवासी सवार थे, जिनमें से 7 के शव बरामद किए गए हैं और 13 को बचा लिया गया है. नाव पर सवार ज्यादातर लोग लापता हैं. मलेशियन मैरीटाइम एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी. इस क्षेत्र की मैरीटाइम एजेंसी के प्रमुख रोमली मुस्तफा ने बताया कि बचाव दल शनिवार को लैंगकावी द्वीप के पास 170 वर्ग समुद्री मील के क्षेत्र की तलाशी ले रहे थे, क्योंकि तीन दिन पहले एक बड़ा पानी का जहाज 300 लोगों को लेकर म्यांमार के रखाइन राज्य से रवाना हुआ था.

मलेशिया की सरकारी मीडिया 'बरनामा' (Bernama) ने केदाह प्रांत के पुलिस प्रमुख अदजली अबू शाह के हवाले से बताया कि लोग पहले म्यांमार से एक बड़े जहाज पर सवार हुए थे, लेकिन उन्हें मलेशिया के निकट पहुंचने पर पकड़े जाने से बचने के लिए तीन छोटी नावों पर जाने का निर्देश दिया गया, जिनमें से प्रत्येक में लगभग 100 लोग सवार थे. म्यांमार का रखाइन (Rakhine) प्रांत वर्षों से संघर्ष, भुखमरी और जातीय हिंसा का शिकार रहा है. यहां के स्थानीय लोग रोहिंग्या मुस्लिम अल्पसंख्यकों को निशाना बनाते रहे हैं. 2017 में क्रूर सैन्य कार्रवाई के बाद रखाइन प्रांत से निकाले गए लगभग 13 लाख रोहिंग्या पड़ोसी बांग्लादेश के घनी आबादी वाले शिविरों में शरणार्थी के रूप में रह रहे हैं.

केदाह प्रांत के पुलिस प्रमुख अदजली अबू शाह ने 'बरनामा' को बताया कि अन्य दो नौकाओं की स्थिति अज्ञात है और उनकी तलाश की जा रही है. म्यांमार में हिंसा और बांग्लादेश में बदतर परिस्थितियों में जीवन जीने से तंग आकर रोहिंग्या समुदाय के लोग नियमित रूप से जोखिम भरी समुद्री यात्राएं करते हैं, जिनमें मलेशिया प्रमुख गंतव्य है. यूनाइटेड नेशन रिफ्यूजी एजेंसी (UNHCR) के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से नवंबर के प्रारम्भ तक 5,100 से अधिक रोहिंग्या म्यांमार और बांग्लादेश छोड़ने के लिए नौकाओं से समुद्री यात्रा पर निकले, जिनमें से लगभग 600 लोग या तो मारे गए हैं या लापता हैं.

Next Story
null