विश्व

कार्टाजेना के सुपरमार्केट में नाकाम लूट के बाद 30 लोग बनाया बंधक

Tara Tandi
25 Nov 2026 10:46 AM IST
कार्टाजेना के सुपरमार्केट में नाकाम लूट के बाद 30 लोग बनाया बंधक
x
बोगोटा: कोलंबिया के उत्तरी शहर कार्टाजेना में एक सुपरमार्केट में हथियारबंद लोगों ने लगभग 30 लोगों को बंधक बना लिया। यह घटना तब हुई जब कैश ले जाने वाली एक बख्तरबंद गाड़ी को लूटने की कोशिश नाकाम हो गई। इसके बाद सेना, पुलिस और विशेष बलों को मौके पर बुलाना पड़ा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
स्थानीय मीडिया ने कोलंबिया के राष्ट्रपति एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला के हवाले से बताया कि कम से कम 10 बंधकों (जो सभी बुजुर्ग महिलाएं थीं) को रिहा कर दिया गया है, जबकि कई अन्य अभी भी सुपरमार्केट के अंदर हैं और प्रशासन उनसे बातचीत कर रहा है।
यह घटना मंगलवार को कार्टाजेना में हुई। कैरेबियन तट पर स्थित यह शहर अपने खूबसूरत पुराने औपनिवेशिक इलाके, बीच रिसॉर्ट्स और क्रूज-शिप पर्यटन के लिए जाना जाता है।
सुरक्षा बलों के मौके पर पहुंचने के कारण कुछ समय के लिए हवाई अड्डे पर आने वाली उड़ानों को रोक दिया गया था, जिन्हें बाद में फिर से बहाल कर दिया गया।
राष्ट्रपति डी ला एस्प्रिएला ने बताया कि स्थिति को संभालने के लिए विशेष बलों को तैनात किया गया है। शहर के अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि इस अभियान में नौसेना और सेना शामिल हैं।
डी ला एस्प्रिएला ने कहा, "बंधकों के लिए तो सब कुछ ठीक रहेगा, लेकिन मुझे नहीं लगता कि अपराधियों के लिए यह इतना अच्छा साबित होगा।"
डी ला एस्प्रिएला ने यह भी स्पष्ट किया कि इसमें किसी सशस्त्र गुरिल्ला या अर्धसैनिक समूह का हाथ नहीं है।
"ऐसा नहीं है कि किसी आतंकवादी समूह ने लोगों को अगवा किया है। ये तो बस ऐसे अपराधी हैं जो अचानक फंस गए, जिनके पास भागने का कोई रास्ता नहीं बचा था, और फिर उन्होंने कुछ लोगों को बंधक बना लिया।"
कोलंबियाई मीडिया द्वारा दिखाई गई और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में नकाबपोश बंदूकधारी राइफलें लिए खड़े हैं। उनके पास कुछ बंधक भी हैं, जो सुपरमार्केट के अंदर फर्श पर घुटनों के बल बैठे नजर आ रहे हैं।
दोपहर तक जब बंधकों को छुड़ाने का काम जारी रहा, तो पुलिस के स्नाइपर्स ने सुपरमार्केट के पास की इमारतों पर मोर्चा संभाल लिया। वहीं, 'एक्जिटो' सुपरमार्केट के प्रवेश द्वार के बाहर कई अन्य अधिकारी हथियार ताने हुए मुस्तैद दिखे।
सुरक्षा बल स्थिति को काबू में करने और स्टोर के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटे रहे। इस घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन इस संकट को सुलझाने में लगा हुआ है।
Next Story