विश्व

3 पत्रकार की मौत, हवाई हमले की चपेट में आए

Nilmani Pal
29 March 2026 7:39 AM IST
3 पत्रकार की मौत, हवाई हमले की चपेट में आए
x
पढ़े पूरी खबर

लेबनान। दक्षिण लेबनान में इजरायल के एक हवाई हमले में शनिवार को तीन पत्रकार मारे गए. यह हमला उस वक्त हुआ जब ये पत्रकार इजरायल-हिजबुल्लाह युद्ध की कवरेज कर रहे थे. हिजबुल्लाह के अल-मनार टीवी के वरिष्ठ संवाददाता अली शोएब दक्षिण लेबनान में करीब तीन दशकों से रिपोर्टिंग कर रहे थे. इजरायली सेना ने दावा किया कि अली शोएब हिजबुल्लाह के खुफिया ऑपरेटिव थे और इजराइली सैनिकों की लोकेशन उजागर कर रहे थे, हालांकि इसका कोई सबूत नहीं दिया गया. अल-मनार टीवी ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन अपने संवाददाता को पेशेवर और विश्वसनीय रिपोर्टर बताया.

बेरूत स्थित अल-मयादीन टीवी की रिपोर्टर फातिमा फतौनी और उनके भाई मोहम्मद, जो वीडियो जर्नलिस्ट थे, इसी हमले में जेजीन जिले में मारे गए. हमले से ठीक पहले फातिमा लाइव रिपोर्ट दे रही थीं. लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे "एक जघन्य अपराध" करार दिया और कहा कि यह पत्रकारों की सुरक्षा के लिए बने सभी कानूनों और समझौतों का खुला उल्लंघन है.

गौरतलब है कि इस हमले से कुछ दिन पहले ही मध्य बेरूत में एक अपार्टमेंट पर इजरायली हमले में अल-मनार टीवी के राजनीतिक कार्यक्रमों के प्रमुख मोहम्मद शेरी अपनी पत्नी के साथ मारे गए थे. इससे पहले इजरायल अल-मनार टीवी के मुख्यालय और हिजबुल्लाह के अल-नूर रेडियो स्टेशन पर भी हमले कर चुका है. इस साल लेबनान में अब तक पांच पत्रकार और मीडियाकर्मी मारे जा चुके हैं.

Next Story