
विश्व की बड़ी खबर. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि इजरायल और हमास ने अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जताई है. इस समझौते का मकसद गाजा में जंग को रोकना और बंधकों और कैदियों की रिहाई सुनिश्चित करना है.हमास ने गाजा समझौते पर सहमति जताई है, जिस पर गुरुवार को मिस्र में हस्ताक्षर किए जाएंगे. इस समझौते में गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए पांच क्रॉसिंग तुरंत खोलना, गाजा वापसी मानचित्र में बदलाव और पहले चरण में 20 इज़रायली बंदियों को ज़िंदा रिहा करना शामिल है.
इस समझौते की गारंटी अमेरिका, मिस्र, कतर और तुर्की ने दी है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि जब तक दोनों पक्ष इसकी शर्तों का पालन करते हैं, तब तक हमले फिर से शुरू नहीं होंगे. एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, हमास इस वीकेंड सभी 20 जीवित बंधकों को रिहा कर देगा, क्योंकि गाजा के अधिकांश हिस्से से इज़रायली हट जाएंगे.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "इसका मतलब है कि सभी बंधकों को बहुत जल्द रिहा कर दिया जाएगा, और इज़रायल अपने सैनिकों को एक निश्चित सीमा तक वापस बुला लेगा, जो एक मज़बूत, टिकाऊ और स्थायी शांति की दिशा में पहला कदम होगा. सभी पक्षों के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा." ट्रंप के द्वारा समझौते का ऐलान करने के बाद व्हाइट हाउस के सोशल मीडिया हैंडल से किए गए पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति को पीस प्रेसिडेंट बताया गया है.





