
लेबनान। मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने शनिवार को जानकारी दी कि लेबनान के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुए हमले में कई स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो गई है। WHO के मुताबिक शुक्रवार देर रात दक्षिणी लेबनान के बुर्ज कलाउइयेह इलाके में स्थित एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुए हमले में 12 डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक्स मारे गए।
टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी लेबनान में कुल 14 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हुई है, जो मध्य पूर्व में बढ़ते संकट का एक बेहद दुखद और चिंताजनक संकेत है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही इससे पहले दक्षिणी लेबनान के अल सवाना क्षेत्र में एक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र पर हमले में दो पैरामेडिक्स भी मारे गए थे।
यह घटनाएं ऐसे समय पर हुई हैं जब इज़राइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार इजरायल ने हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर बमबारी अभियान शुरू किया है। इस अभियान में अब तक 770 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।





