विश्व

कर्ज के बोझ से दबा पाकिस्‍तान बेचने जा रहा अर्जेंटीना को 12 लड़ाकू विमान

Sarita
20 Sept 2021 11:40 AM IST
कर्ज के बोझ से दबा पाकिस्‍तान बेचने जा रहा अर्जेंटीना को 12 लड़ाकू विमान
x

फाइल फोटो 

कर्ज के बोझ से दबा पाकिस्तान अब लड़ाकू जेट बेचने वाला है.

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कर्ज के बोझ से दबा पाकिस्तान (Pakistan)अब लड़ाकू जेट बेचने वाला है. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अर्जेंटीना (Argentina) पाकिस्तान से 12 जेएफ-17ए ब्लॉक-3 लड़ाकू विमान (JF-17A Block-III fighter jets)खरीदने की योजना बना रहा है. पाकिस्‍तान के जियो टीवी की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अर्जेंटीना ने आधिकारिक तौर पर 2022 के मसौदा बजट में पाकिस्तान से 12 पीएसी जेएफ-17 ए ब्लॉक 3 लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए 66.4 करोड़ डॉलर की धनराशि शामिल की है.

समाचार रिपोर्ट में कहा गया है कि बजट देश की संसद में पेश किया गया है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि सौदे को अंतिम रूप दे दिया गया है, क्योंकि अर्जेंटीना ने अभी तक बिक्री समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, लेकिन यह पाकिस्तान से लड़ाकू विमान खरीदने की देश की मंशा को दर्शाता है. अर्जेंटीना ने पिछले कुछ वर्षों में दुनिया के कुछ अन्य देशों से जेट खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन धन की कमी या ब्रिटिश आपत्तियों के कारण हमेशा संभव नहीं हो सका.
हाल ही में पिछले साल ब्रिटेन ने अर्जेंटीना को दक्षिण कोरियाई लड़ाकू विमानों की बिक्री पर रोक लगा दी थी. अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री ने ट्विटर पर 'माल्विनास अर्जेंटीनास' पोस्ट करने से पहले इस कदम को ब्रिटिश इम्पीरियल प्राइड के रूप में वर्णित किया. यूके डिफेंस जर्नल के अनुसार, जेएफ- 17 थंडर पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स और चीन के चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन द्वारा संयुक्त रूप से विकसित एकल इंजन वाला कई भूमिकाओं के लिए इस्‍तेमाल किया जाने वाला लड़ाकू विमान है.
बिल्डरों का कहना है कि जेएफ-17 को इंटरसेप्शन, ग्राउंड अटैक, एंटी-शिप और हवाई टोही सहित कई भूमिकाओं के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि जेएफ-17 एयरफ्रेम के आधे से अधिक, जिसमें इसके फ्रंट फ्यूजलेज, विंग्स और वर्टिकल स्टेबलाइजर शामिल हैं, का उत्पादन पाकिस्तान में होता है, वहीं चीन में 42 फीसदी का उत्पादन होता है. लड़ाकू विमान की आखिरी असेंबली पाकिस्तान में होती है.











Next Story