Top News

पति को फंदे पर लटकाकर चिल्लाने लगी महिला, पुलिस हिरासत में उगली सच्चाई

Gulabi Jagat
15 Nov 2023 2:02 AM GMT
पति को फंदे पर लटकाकर चिल्लाने लगी महिला, पुलिस हिरासत में उगली सच्चाई
x

यूपी। अलीगढ़ में टप्पल थाना क्षेत्र के गांव बुढ़ाका में सोमवार की रात महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी। आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। वारदात के पीछे घरेलू कलह बताई जा रही है। पुलिस ने महिला व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी प्रेमी की तलाश की जा रही है। गांव बुढ़ाका निवासी प्रेमराज उर्फ पुखराज (45) पुत्र नवाब सिंह किसान था। पुलिस के अनुसार 12 साल पहले प्रेमराज ने असम की रूपाली से शादी कर ली थी। परिवार में तीन बच्चे हैं।

एक साल पहले प्रेमराज बल्लभगढ़ काम करने चला गया था। इसी बीच पत्नी रूपाली के गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध हो गए। अब प्रेमराज रूपाली को बल्लभगढ़ लेकर जाना चाहता था, मगर वह साथ जाने को तैयार नहीं थी। इसी बात पर अक्सर दंपति के बीच विवाद होता रहता था। सोमवार की रात रूपाली ने अपने प्रेमी की मदद से प्रेमराज की गला दबाकर हत्या कर ली। आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। मंगलवार की सुबह पत्नी ने पति के फंदे पर लटककर आत्महत्या करने की बात कहकर शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण आ गए। शक होने पर परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शक होने पर पत्नी को हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी रूपाली व उसके साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद पत्नी ने दुपट्टे को घर के बाहर कूड़े के ढेर में छिपा दिया। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने दुपट्टे को बरामद कर लिया है। सीओ खैर, राजीव द्विवेदी ने इस बारे में कहा कि पत्नी ने साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथी की तलाश की जा रही है। वारदात के पीछे दंपति के बीच कलह सामने आ रही है। अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Next Story