प्रौद्योगिकी

डिजिटल पढ़ाई को बढ़ावा: UP के 25 लाख छात्रों को फ्री टैबलेट की सौगात

Tara Tandi
26 Aug 2026 1:53 PM IST
डिजिटल पढ़ाई को बढ़ावा: UP के 25 लाख छात्रों को फ्री टैबलेट की सौगात
x
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक अच्छी खबर आई है। योगी सरकार ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख नए टैबलेट खरीदने को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 25 अगस्त को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना के तहत 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट भी रखा है। इन टैबलेट को पात्र छात्रों और युवाओं को मुफ्त में बांटा जाएगा।
सरकार का कहना है कि योजना का मकसद युवाओं को पढ़ाई और ट्रेनिंग के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े डिजिटल संसाधनों तक आसान पहुंच देना है। टैबलेट मिलने के बाद छात्र ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल कंटेंट, ट्रेनिंग प्रोग्राम और रोजगार से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर सकेंगे।
किन युवाओं को मिलेगा फ्री टैबलेट?
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा और अलग-अलग प्रोफेशनल कोर्स कर रहे पात्र छात्रों को इसका फायदा मिल सकता है। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा, मेडिकल एजुकेशन, स्किल डेवलपमेंट और ITI में पढ़ाई या ट्रेनिंग कर रहे युवाओं को भी योजना में शामिल किया गया है।
हालांकि, सिर्फ किसी कोर्स में पढ़ने से ही टैबलेट मिलना तय नहीं है। लाभार्थियों का चयन संबंधित संस्थान और सरकार के तय नियमों के आधार पर किया जाएगा। यानी किस छात्र को टैबलेट मिलेगा, यह उसकी पात्रता और संबंधित रिकॉर्ड के आधार पर तय होगा।
25 लाख टैबलेट की होगी खरीद
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब सरकार टैबलेट की खरीद का प्रोसेस आगे बढ़ाएगी। इसके लिए टेंडर प्रोग्राम में चुने गए इंस्टिट्यूशन्स को खरीद का ऑर्डर जारी किया जाएगा। यानी फिलहाल सरकार ने 25 लाख टैबलेट खरीदने की मंजूरी दी है, इसके बाद खरीद और फिर लाभार्थियों को बांटने का प्रोसेस शुरू होगा।
विज्ञापन
इसलिए अगर आप इस योजना के तहत टैबलेट मिलने का इंतजार कर रहे हैं, तो अभी इसे तुरंत डिस्ट्रीब्यूशन की घोषणा नहीं समझना चाहिए। सरकार की ओर से खरीद पूरी होने और संबंधित संस्थानों के जरिए आगे का प्रोसेस पूरा करने के बाद टैबलेट बांटे जाएंगे।
पहले स्मार्टफोन और टैबलेट दोनों मिलते थे
उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत पहले छात्रों और युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट दोनों दिए जाते थे। हालांकि, जुलाई 2025 में कैबिनेट ने योजना में बदलाव करते हुए आगे सिर्फ टैबलेट बांटने का फैसला किया था।
सरकार ने इसके पीछे टैबलेट की बड़ी स्क्रीन और पढ़ाई व दूसरे कामों के लिए ज्यादा उपयोगी होने को वजह बताया था। टैबलेट पर Word, Excel, PowerPoint और Google Sheets जैसे टूल्स का इस्तेमाल भी आसानी से किया जा सकता है।
Next Story