मनोरंजन
रक्षाबंधन विज्ञापन पर विवाद: ट्रोलिंग के बाद ब्रांड ने हटाया कैंपेन, एक्ट्रेस के कपड़ों को लेकर मचा था बवाल
jantaserishta.com
26 Aug 2026 12:03 PM IST

x
बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपने एक रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं.
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपने एक रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं। विज्ञापन में उनके आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई जिसके बाद कृति ने ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा कि किसी भी त्योहार की असली खूबसूरती कपड़ों में नहीं बल्कि उससे जुड़ी भावनाओं और रिश्तों में होती है। अब इस विवाद के एक दिन बाद ज्वेलरी ब्रांड ने अपना विज्ञापन सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया है।
ब्रांड ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी करते हुए कहा, ''हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करते हैं। एक ब्रांड के तौर पर हमारा हमेशा से मानना रहा है कि इन खुशियों भरे पलों को पूरे परिवार के साथ सेलिब्रेट किया जाए। इस बार हम इस प्यार और जश्न में अपने पालतू जानवरों को भी शामिल करना चाहते थे लेकिन अगर विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो इसके लिए हमें खेद है। हमने विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया है।''
कृति सेनन ने 25 अगस्त को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर विज्ञापन को लेकर हो रही आलोचना का जवाब दिया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ''त्योहारों का मतलब आपके पहने हुए कपड़ों में नहीं है बल्कि उन परंपराओं के प्रति भावनाओं और उनके महत्व में है। रक्षाबंधन का त्योहार सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक है। मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सुरक्षा, अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं।''
कृति ने पोस्ट में आगे लिखा, ''मेरे लिए यह प्यार, प्रार्थना और एक-दूसरे की देखभाल का रिश्ता हमारे डॉग्स तक भी पहुंचता है, क्योंकि वे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं।'' इसके बाद कृति ने पोस्ट में पूछा, ''हम महिलाओं को यह बताना आखिर कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के एथनिक फैशन में भी काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी किसी महिला के कल्चर के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से मापा जाता है। संस्कृति और परंपराएं महिला के दिल में होती हैं, नेकलाइन में नहीं।''
दरअसल, पूरा विवाद एक रक्षाबंधन विज्ञापन से शुरू हुआ। ज्वेलरी ब्रांड के एक विज्ञापन में कृति सेनन ने ऑफ-व्हाइट कलर का इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहना हुआ है। इसमें ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, ड्रेप्ड स्कर्ट और केप शामिल है। विज्ञापन सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके कपड़ों को त्योहार के हिसाब से सही नहीं बताया।
मामला तब और चर्चा में आया जब कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कृति का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी बातों को इसी विज्ञापन से जोड़कर देखा गया।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ''महिला होने के लिए यह शानदार समय है। हमारी अलमारियां कई तरह के कपड़ों से भरी हैं और आज की महिला ग्लोबल महिला है। कॉकटेल ड्रेस से लहंगा चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक, आज हमारे पास कपड़ों के इतने विकल्प हैं। फिर आप अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेंगी? आपके पास स्टाइलिंग के इतने विकल्प कहां गए? हा हा, यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब बनाया गया लगता है।''
Tagsकृति सेननरक्षाबंधन विज्ञापन पर विवादरक्षाबंधन विज्ञापनKriti SanonRaksha Bandhan ad controversyRaksha Bandhan ad
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





