प्रौद्योगिकी

71 बिलियन स्पैम कॉल के बाद अब Airtel का मैसेजिंग पर फोकस, Google के साथ मिलाया हाथ

Tara Tandi
3 March 2026 7:36 PM IST
71 बिलियन स्पैम कॉल के बाद अब Airtel का मैसेजिंग पर फोकस, Google के साथ मिलाया हाथ
x
Technology टेक्नोलॉजी: भारत में स्पैम और डिजिटल फ्रॉड पर लगाम कसने के लिए एयरटेल और गूगल ने नई साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग के तहत यूजर्स को सिक्योर RCS मैसेजिंग एक्सपीरिएंस देने की बात कही गई है, जिसमें हाई क्वालिटी फोटो वीडियो शेयरिंग और इंटरैक्टिव फीचर्स के साथ मजबूत स्पैम फिल्टरिंग शामिल होगी। कंपनी के मुताबिक, यह कदम मोबाइल स्पैम और ऑनलाइन धोखाधड़ी को कम करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Bharti Airtel ने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से AI-बेस्ड स्पैम कंट्रोल इनिशिएटिव चला रही है। कंपनी के अनुसार, अब तक 71 बिलियन से ज्यादा स्पैम कॉल और 2.9 बिलियन स्पैम SMS ब्लॉक किए जा चुके हैं, जिससे नेटवर्क पर फाइनेंशियल लॉस में करीब 68.7 प्रतिशत तक कमी आई है। इसके बावजूद, टेलीकॉम नेटवर्क के बाहर मौजूद कई कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त सेफ्टी स्टैंडर्ड्स नहीं होने की वजह से फ्रॉड और स्पैम की समस्या बनी हुई है।
इसी गैप को भरने के लिए Google के साथ यह साझेदारी की गई है। दोनों कंपनियां एयरटेल की नेटवर्क इंटेलिजेंस को गूगल के RCS प्लेटफॉर्म और स्पैम प्रोटेक्शन सिस्टम के साथ इंटीग्रेट करेंगी। इसके जरिए टेल्को ग्रेड सुरक्षा को मॉडर्न मैसेजिंग सर्विस तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत मैसेज सेंडर की पहचान टेल्को बैक्ड बिजनेस वेरिफिकेशन के जरिए वैलिडेट की जाएगी। यूजर्स की DND प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए मैसेज को प्रमोशनल या ट्रांजेक्शनल कैटेगरी में बांटा जाएगा और उसी हिसाब से प्रतिबंध लगाए जाएंगे। संदिग्ध बिजनेस मैसेज को ब्लॉक किया जाएगा और मल्टी लेयर थ्रेट डिटेक्शन के जरिए मैलिशियस डोमेन फिल्टर किए जाएंगे।
साथ ही, जिन सेंडर्स को दोनों कंपनियों के एआई सिस्टम फ्लैग करेंगे, उनके मैसेज थ्रॉटल भी किए जा सकेंगे। यह RCS मैसेजिंग सर्विस सीधे Google Messages ऐप में उपलब्ध होगी, जो ज्यादातर एंड्रॉयड फोन पर पहले से इंस्टॉल रहती है।
Next Story