खेल

निषाद कुमार ने पुरुषों की टी 47 लंबी कूद में जीता स्वर्ण पदक

Shantanu Roy
19 Oct 2026 7:40 PM IST
निषाद कुमार ने पुरुषों की टी 47 लंबी कूद में जीता स्वर्ण पदक
x
Aichi-Nagoya. आइची-नागोया। एशियन पैरा गेम्स में सोमवार को निषाद कुमार ने पुरुषों की टी 47 लंबी कूद स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। आज यहां हुए मुकाबले में दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता निषाद कुमार ने फाइनल में दो बार 7.11 मीटर की दूरी तय की, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। निषाद ने 6.95 मीटर की कूद के साथ शुरुआत की और अपने दूसरे प्रयास में 7.09 मीटर की दूरी तय करके बढ़त बना ली। तीसरे राउंड में उन्होंने 7.11 मीटर की छलांग लगाई, जबकि चौथे प्रयास में उनका जंप फाउल हो गया।


इसके बाद, भारतीय एथलीट ने अपनी आखिरी दो कूद में शानदार वापसी की और क्रमशः 7.11 मीटर और 7.07 मीटर की दूरी तय करके स्वर्ण पदक पक्का कर लिया। हालांकि लंबी कूद उनका मुख्य इवेंट नहीं है, फिर भी निषाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इन खेलों में भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव ने 6.99 मीटर की छलांग (जो इस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है) के साथ रजत पदक जीता, जबकि श्रीलंका के मोहम्मद सफरान ने 6.55 मीटर की सर्वश्रेष्ठ जंप के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
Next Story