खेल

25 करोड़ 20 लाख में ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को KKR ने ख़रीदा

Nilmani Pal
16 Dec 2025 4:02 PM IST
25 करोड़ 20 लाख में ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को KKR ने ख़रीदा
x

इंडियन प्रीमियर लीग (2026) के लिए 16 दिसंबर (मंगलवार) को अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर पैसों की बारिश हुई. ग्रीन को तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए. ग्रीन ने अपने हमवतन मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क को आईपीएल 2024 की नीलामी में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये) आईपीएल के सबसे महंगे प्लेयर हैं.

कैमरन ग्रीन के लिए पहली बिड मुंबई इंडियंस (MI) ने 2 करोड़ रुपये की लगाई, जो ग्रीन का बेस प्राइस था. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (RR) ने एंट्री की. फिर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2.8 करोड़ की बोली लगाई. देखते ही देखते बोली 8 करोड़ के पार पहुंच गई, जहां केकेआर और रॉयल्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली.

राजस्थान रॉयल्स ने बोली बढ़ाकर 11.8 करोड़ कर दी, जो उनके कुल पर्स का 80 प्रतिशत से ज्यादा था. वहीं, सबसे ज्यादा पर्स वाली केकेआर ने बोली को 12 करोड़ तक पहुंचा दिया. राजस्थान की टीम ने एक आखिरी कोशिश करते हुए बोली 13.6 करोड़ कर दी, शायद यह जानते हुए कि केकेआर यहां रुकने वाली नहीं है. इसके बाद राजस्थान की टीम बाहर होती नजर आई. इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 13.8 करोड़ की बोली लगाकर एंट्री मारी. अब मुकाबला केकेआर और सीएसके के बीच था. बोली तेजी से बढ़ते हुए 16.2 करोड़ तक पहुंच गई, जिसमें सीएसके आगे थी. देखते ही देखते केकेआर ने बोली को 18.4 करोड़ तक पहुंचाया, लेकिन सीएसके ने बिना देर किए बोली को 18.6 करोड़ रुपये कर दिया. पैडल इतनी तेजी से उठ रहे थे कि टेबल पर रखी कैलकुलेटर भी पीछे छूट गई. अब बोली 24 करोड़ के पार जा चुकी थी, लेकिन सीएसके फिर भी पीछे हटने को तैयार नहीं थी. आखिरकार केकेआर ने 25.2 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक बोली लगाई. सीएसके ने यहां हार मान ली और कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरन ग्रीन को अपने नाम कर लिया.


Next Story
null