इंडिया A टीम की घोषणा: Tilak Varma कप्तान, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी मिला मौका

India: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जून 2026 में श्रीलंका में होने वाली ट्राई नेशन वनडे सीरीज के लिए इंडिया A टीम की घोषणा कर दी है। चयन समिति ने 15 सदस्यीय युवा टीम का चयन किया है, जिसमें कई उभरते खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है।
इस टीम की सबसे बड़ी चर्चा 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की एंट्री को लेकर हो रही है। इसके अलावा पंजाब किंग्स के आक्रामक बल्लेबाज प्रियांश आर्य को भी टीम में जगह दी गई है। यह सीरीज श्रीलंका, अफगानिस्तान और इंडिया A के बीच खेली जाएगी। सभी मुकाबले दांबुला में आयोजित होंगे, जबकि इसके बाद इंडिया A और श्रीलंका A के बीच दो मल्टी-डे मैच भी खेले जाएंगे, जो गॉल में होंगे। रेड बॉल सीरीज के लिए अलग टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।
टीम में घरेलू क्रिकेट और IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्य, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु और हर्ष दुबे जैसे नाम शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को दी गई है। गेंदबाजी विभाग में यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान जैसे युवा गेंदबाजों को मौका मिला है। वहीं ऑलराउंडर के रूप में रियान पराग, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे और विपराज निगम टीम को संतुलन प्रदान करेंगे।
🚨 News 🚨
— BCCI (@BCCI) May 14, 2026
India A squad for ODI tri-series in Sri Lanka announced.
The upcoming tri-series is scheduled to be held in June, 2026.
More Details ▶️ https://t.co/ZmL2u1boAW pic.twitter.com/7WXzZeeUFq
वैभव सूर्यवंशी को क्यों मिला मौका?
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 11 मैचों में 440 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 103 रन रहा। उनका औसत 40.00 और स्ट्राइक रेट 236.55 रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।
उन्होंने 11 पारियों में 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। 186 गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने 38 चौके और 40 छक्के जड़े हैं। इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें भारत के सबसे विस्फोटक युवा बल्लेबाजों में गिना जा रहा है।
वैभव पहले ही सुर्खियों में रहे हैं, जब IPL 2025 ऑक्शन में मात्र 13 साल की उम्र में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले वह भारत अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे हैं और कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ 58 गेंदों में शतक लगाया था। 2024 एसीसी अंडर-19 एशिया कप में 5 मैचों में 176 रन बनाए थे और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2025 में भी उन्होंने 5 मैचों में 261 रन बनाए। रणधीर वर्मा अंडर-19 टूर्नामेंट में नाबाद 332 रनों की पारी खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की।
सबसे बड़ी उपलब्धियों में अंडर-19 विश्व कप 2026 का फाइनल शामिल है, जहां उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए थे और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
इंडिया A स्क्वॉड:
तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान।
ट्राई सीरीज शेड्यूल:
9 जून: इंडिया A vs श्रीलंका A
11 जून: इंडिया A vs अफगानिस्तान A
13 जून: अफगानिस्तान A vs श्रीलंका A
15 जून: इंडिया A vs श्रीलंका A
17 जून: इंडिया A vs अफगानिस्तान A
19 जून: अफगानिस्तान A vs श्रीलंका A
21 जून: फाइनल मुकाबला
यह दौरा युवा खिलाड़ियों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का बड़ा अवसर माना जा रहा है। चयनकर्ताओं की नजर विशेष रूप से उन खिलाड़ियों पर रहेगी जो दबाव वाले मुकाबलों में प्रदर्शन कर सकते हैं।





