खेल

IND vs SA: भारतीय टीम ने वॉर्मअप मैच में बल्ले और गेंद से दिखाया दम

Sarita
5 Feb 2026 8:18 AM IST
IND vs SA:  भारतीय टीम ने वॉर्मअप मैच में बल्ले और गेंद से दिखाया दम
x
IND vs SA: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा, लेकिन उससे पहले मेजबान भारतीय टीम को अपनी तैयारियों को परखने का मौका साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच में मिला। नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकेडमी में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी कमाल देखने को मिला। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 240 रनों का स्कोर बनाया तो वहीं साउथ अफ्रीका की टीम को 210 रनों के स्कोर पर रोकने के साथ मुकाबला 30 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में भारतीय टीम ने कुल 9 गेंदबाजों का प्रयोग किया, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं की।
भारतीय टीम ने कुल 9 गेंदबाजों का किया प्रयोग
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच में भारतीय टीम ने कुल 9 गेंदबाजों का प्रयोग किया, जिसमें सबसे ज्यादा विकेट अभिषेक शर्मा लेने में कामयाब रहे जिन्होंने अपनी तीन ओवर्स की गेंदबाजी में 32 रन देने के साथ 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे। टीम इंडिया के लिए इस मैच में एक चिंता का विषय शिवम दुबे की गेंदबाजी रही जिन्होंने अपने 4 ओवर्स में 57 रन दे दिए। इसके अलावा अर्शदीप सिंह को लेकर बात की जाए तो उनका गेंद से शानदार फॉर्म देखने को मिला जिसमें उन्होंने अपने 4 ओवर्स में 29 रन दिए और एक विकेट लेने में कामयाब रहे। वहीं हर्षित राणा ने इस वॉर्मअप मैच में सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की।
ईशान किशन और तिलक वर्मा का बल्ले से दिखा कमाल
भारतीय टीम की इस वॉर्मअप मैच में बल्ले से प्रदर्शन देखा जाए तो 20 ओवर्स में टीम इंडिया 240 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। ईशान किशन जिनको ओपनिंग में मौका मिला उन्होंने रिटायर आउट होने से पहले 20 गेंदों में 53 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा नंबर-3 पर खेलने उतरे तिलक वर्मा के बल्ले से 19 गेंदों में 45 रनों की पारी देखने को मिली। अभिषेक शर्मा 18 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली। अंतिम ओवर्स में बल्लेबाजी करने उतरे हार्दिक पांड्या भी बल्ले से कमाल दिखाने में कामयाब रहे जिसमें उन्होंने 10 गेंदों में 30 रन बना दिए। अब टीम इंडिया टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को यूएसए की टीम के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलने उतरेगी।
Next Story