खेल

IND vs NZ: बुमराह की ने फेंकी कातिलाना गेंद, पहली ही बॉल पर उड़ा दिया स्टंप

Sarita
26 Jan 2026 7:22 AM IST
IND vs NZ: बुमराह की ने फेंकी कातिलाना गेंद, पहली ही बॉल पर उड़ा दिया स्टंप
x
IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं दूसरे टी20 मैच में प्लेइंग 11 से बाहर रहने वाले टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस मुकाबले में खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने ऐसी वापसी की है, जिसे देख हर कोई हैरान रह गया। बुमराह ने तीसरे टी20 मैच में जब अपनी पहली गेंद फेंकी तो उसका सामना कर रहे कीवी बल्लेबाज टिम साइफर्ट के पास इसका कोई जवाब नहीं था, जिसमें उनका ऑफ स्टंप उड़ गया।
जसप्रीत बुमराह को जब दूसरे टी20 मैच में आराम दिया गया था तो उसके बाद कप्तान सूर्या के इस फैसले को लेकर काफी आलोचना भी देखने को मिली थी। वहीं तीसरे टी20 मैच में जसप्रीत बुमराह को पारी का छठा ओवर फेंकने का मौका मिला। बुमराह ने अपने पहले ओवर की पहली गेंद थोड़ा फुल ऑफ स्टंप की तरफ एंगल करते हुए फेंकी। इस गेंद का सामना कर रहे टिम साइफर्ट गेंद की लाइन को समझने में पूरी तरह से चूक गए और बॉल उनके बल्ले के करीब से निकलते हुए सीधे ऑफ स्टंप को उड़ा गई। टिम साइफर्ट जहां बोल्ड होने के बाद थोड़ा हैरान रह गए थे, तो वहीं जसप्रीत बुमराह पहली ही गेंद पर विकेट लेने के बाद काफी जोश में दिखाई दिए।
इस टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में बल्लेबाजों का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला था, लेकिन तीसरे टी20 मैच की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआती 6 ओवर्स के खेल में सिर्फ 36 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी जिसमें अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसमें हर्षित राणा, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे। टीम इंडिया इस मैच में 2 बदलाव के साथ खेल रही है, जिसमें बुमराह के अलावा रवि बिश्नोई को भी शामिल किया गया है।
Next Story