खेल

IND vs NED: अहमदाबाद में रन बरसेंगे या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल

Sarita
18 Feb 2026 8:38 AM IST
IND vs NED: अहमदाबाद में रन बरसेंगे या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल
x
IND vs NED: T20 वर्ल्ड कप में आज भारत और नीदरलैंड्स आमने-सामने होंगे, लेकिन असली सवाल ये है कि क्या अहमदाबाद की पिच एक बार फिर चौकों-छक्कों की बरसात होगी या फिर विकेट की झड़ी लगेगी। चार साल बाद दोनों टीमें T20I क्रिकेट में भिड़ेंगी। इससे पहले 2022 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर दोनों के बीच मुकाबला हुआ था। अब टीम इंडिया टूर्नामेंट का अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मैच अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलने उतरेगी, जहां उनकी नजरें लगातार चौथी जीत दर्ज करने पर टिकी होगी।
ग्रुप A में शीर्ष पर मौजूद भारत की नजर लगातार चौथी जीत दर्ज कर सुपर 8 में मजबूत शुरुआत करने पर लगी है। नीदरलैंड की टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम है। पिछली बार उन्हें अमेरिका के खिलाफ 93 रन से हार मिली थी, लेकिन अगर वे भारत के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर लेते हैं, तो सुपर 8 की उम्मीदें जिंदा रह सकती हैं। T20 क्रिकेट में कब क्या हो जाए, कहना मुश्किल है। क्या अहमदाबाद में फिर से रनों की बारिश होगी या कोई उलटफेर देखने को मिलेगा? इसका जवाब आज मैदान पर ही देखने को मिलेगा।
जानिए पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद की पिच अब तक बल्लेबाजों के लिए बेहद मददगार साबित हुई है। T20 वर्ल्ड कप 2026 में यहां खेले गए तीन मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 213, 187 और 175 रन बनाए हैं। साफ है कि पिच सपाट है और गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही है। अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है, तो एक और 200+ स्कोर देखने को मिल सकता है। यही मैदान इस वर्ल्ड कप के सबसे रोमांचक मुकाबले का भी गवाह बना, जब साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच पहला डबल सुपर ओवर मुकाबला खेला गया।
भारत बनाम नीदरलैंड मुकाबला भले ही उतना अहम न हो, लेकिन घरेलू दर्शकों की भारी भीड़ टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने जरूर पहुंचेगी। सुपर 8 मुकाबले रविवार से शुरू हो रहे हैं, ऐसे में भारत ग्रुप स्टेज का अंत जीत के साथ करना चाहेगा। यहां लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं रहा है, इसलिए जो टीम पहले बल्लेबाजी करेगी, उसे 200 या उससे ज्यादा रन बनाना बेहद जरूरी होगा।
T20I में अहमदाबाद का रिकॉर्ड
कुल मैच: 14
पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम की जीत: 9
पहले गेंदबाजी करने वाली टीम की जीत: 5
पहली पारी का औसत स्कोर: 172
हाईएस्ट स्कोर: 234/4 (भारत बनाम न्यूजीलैंड)
Next Story