खेल

GCL में गंगेज ग्रैंडमास्टर्स का बड़ा उलटफेर, टेबल टॉपर को 9-7 से हराया

Gulabi Jagat
7 Sept 2026 8:29 AM IST
GCL में गंगेज ग्रैंडमास्टर्स का बड़ा उलटफेर, टेबल टॉपर को 9-7 से हराया
x

बेंगलुरु। ग्लोबल चेस लीग (GCL) के चौथे सीजन में गंगेज ग्रैंडमास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टेबल टॉपर FYERS American Gambits को 9-7 से हरा दिया। इस जीत के साथ गंगेज ग्रैंडमास्टर्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। यह American Gambits की मौजूदा सीजन की पहली हार थी। गंगेज ग्रैंडमास्टर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम को अपने पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन Alpine APL Pipers के खिलाफ 6-11 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि टीम ने इस हार को पीछे छोड़ते हुए अगले ही मुकाबले में शानदार वापसी की और लगातार दो मैच जीतकर आ रही American Gambits की टीम को रोक दिया।

पोलिना शुवालोवा ने एक बार फिर गंगेज ग्रैंडमास्टर्स के लिए अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बिबिसारा असाउबायेवा को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और प्लेयर ऑफ द मैच बनीं।इयान नेपोम्नियाच्ची ने भी महत्वपूर्ण मुकाबले में 2026 कैंडिडेट्स विजेता जावोखिर सिंदारोव को मात देकर अपनी टीम को अहम अंक दिलाए। सिंदारोव समय के दबाव में मुकाबला गंवा बैठे।FYERS American Gambits की ओर से निहाल सरीन ने जीत दर्ज की, लेकिन यह टीम को मुकाबला जिताने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई। वहीं डेनियल डुबोव अपनी बेहतर स्थिति को जीत में नहीं बदल सके और लेनियर डोमिंगेज के खिलाफ उनका मुकाबला 101 चालों के बाद ड्रॉ रहा।

दिन के अंत में FYERS American Gambits, Ganges Grandmasters और Alpine APL Pipers के छह-छह मैच प्वाइंट थे। गेम प्वाइंट के आधार पर Gambits 31 अंकों के साथ पहले और Ganges Grandmasters 25 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

Next Story