
x
ENG vs SA: इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच कार्डिफ के मैदान पर खेले गए तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच को अफ्रीकी टीम डीएलएस नियम के अनुसार 14 रनों से जीतने में कामयाब रही। तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 10 सितंबर को इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच कार्डिफ के मैदान पर खेला गया था। इस मैच में बारिश ने खलल डाला। अफ्रीकी टीम को मैच में सिर्फ 7.5 ओवर बल्लेबाजी करने का मौका मिला जिसमें उसने 5 विकेट खोकर 97 रन बनाए। बारिश रुकने के बाद अंपायरों ने डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार मेजबान इंग्लैंड को 5 ओवर में 69 रनों का लक्ष्य देने का फैसला किया, लेकिन इंग्लैंड की टीम सिर्फ 54 रनों के स्कोर तक ही पहुंच पाई और उसे 14 रनों से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान हैरी ब्रुक का खाता नहीं खुला।
कार्डिफ के मैदान पर बारिश से प्रभावित इस मैच में जब इंग्लैंड को डीएलएस नियम के अनुसार 5 ओवर में 69 रनों का लक्ष्य मिला तो सभी को उम्मीद थी कि वे इसका पीछा कर लेंगे, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने ऐसा नहीं होने दिया। इंग्लैंड की ओर से ओपनिंग करने आए फिल साल्ट अपना खाता भी नहीं खोल पाए, हालाँकि जोस बटलर ने तेज़ी से रन ज़रूर बटोरे लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिसमें जैकब बेथेल 7 रन बनाकर आउट हो गए और कप्तान हैरी ब्रूक 4 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
जोस बटलर के बल्ले से 11 गेंदों में 25 रनों की पारी देखने को मिली, जबकि 10 महीने बाद इंग्लैंड की टी20 टीम में वापसी कर रहे सैम कुरेन ने 10 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा 5 बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को जेनसन और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट लिए जबकि कैगिसो रबाडा ने एक विकेट लिया।
अफ्रीका की पारी में मार्करम और ब्रेविस का कमाल देखने को मिला
इस मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन की बात करें तो कप्तान एडेन मार्करम और ब्रेविस का कमाल देखने को मिला। मार्करम ने 28 रनों की पारी खेली, वहीं ब्रेविस ने 10 गेंदों में 23 रनों की पारी खेली। इसके अलावा डोनोवन फरेरा ने भी नाबाद 25 रन बनाए। कार्डिफ़ के मैदान पर इंग्लैंड की अब तक 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह सिर्फ़ दूसरी हार थी, जिसमें दोनों बार दक्षिण अफ़्रीकी टीम उसे हराने में कामयाब रही है।
Next Story





