Diamond League Final 2025: भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा लगातार तीसरे साल डायमंड लीग फाइनल का खिताब अपने नाम करने में असफल रहे। नीरज इस दौरान संघर्ष करते नजर आए, लेकिन 85.01 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो से दूसरे स्थान पर रहे। नीरज 2022 में डायमंड लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं, लेकिन 2023 और 2024 के बाद इस वर्ष भी वह उपविजेता रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर 91.51 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ खिताब अपने नाम करने में सफल रहे।
नीरज का प्रदर्शन इस सीजन अच्छा रहा था। नीरज ने डायमंड लीग के चार में से दो क्वालिफाइंग चरण में हिस्सा लिया था, इसके बावजूद वह चौथे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे थे। नीरज ने इस दौरान 90 मीटर का आंकड़ा भी पार कर लिया था जो उनके लिए पिछले कुछ समय से चुनौती बना हुआ था। नीरज ने मई में दोहा चरण में 90.23 मीटर के थ्रो के साथ 90 मीटर के आंकड़े को पार किया, लेकिन जर्मनी के वेबर के पीछे दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद उन्होंने जून में 88.16 मीटर के प्रयास के साथ पेरिस चरण जीता था। डायमंड लीग के फाइनल में भी ऐसा ही देखने मिला, जहां नीरज वेबर को पीछे नहीं छोड़ सके।
पहले प्रयास में तीसरे स्थान पर रहे नीरज
वेबर ने पहले ही प्रयास में 91 मीटर से अधिक का थ्रो कर नीरज पर दबाव बना दिया था। नीरज ने पहले प्रयास में 84.35 मीटर भाला फेंका और वह तीसरे स्थान पर थे। शीर्ष पर शुरुआत से ही जर्मनी के जूलियन वेबर रहे, जिन्होंने पहले प्रयास में ही 91.37 मीटर दूर भाला फेंका। दूसरे स्थान पर त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वालकॉट थे, जिन्होंने 84.95 मीटर भाला फेंका।
लगातार दूसरे प्रयास में वेबर में 91+ मीटर का थ्रो किया
नीरज ने जहां दूसरे प्रयास में 82 मीटर भाला फेंका और वह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, जूलियन वेबर ने लगातार दूसरी बार 91 मीटर से ज्यादा भाला फेंका और शीर्ष पर बरकरार रहे। उन्होंने 91.51 मीटर भाला फेंका। दूसरे प्रयास के बाद भी दूसरे स्थान पर केशोर्न वालकॉट थे, जिन्होंने 79.91 मीटर की दूरी तय की।
नीरज के लगातार तीन प्रयास फाउल रहे
नीरज लय में नजर नहीं आ रहे थे और उन्होंने तीसरे, चौथे और पांचवें प्रयास में फाउल किया, लेकिन इससे उनके स्थान पर कोई फर्क नहीं पड़ा और वह तीसरे स्थान पर ही काबिज रहे। हालांकि, दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज ने छठे और अंतिम प्रयास में गियर बदला और 85.01 मीटर का थ्रो कर दूसरे स्थान पर पहुंचने में सफल रहे। नीरज ने अपने इस थ्रो से वॉलकॉट को तीसरे स्थान पर ढकेल दिया। वहीं, पहले पायदान पर जर्मनी के जूलियन वेबर ने दबदबा बनाए रखा। तीसरे प्रयास में उन्होंने भी फाउल किया। वेबर ने फिर चौथे प्रयास में 83.66 मीटर और पांचवें प्रयास में 86.45 मीटर का भाला फेंका, जबकि छठे प्रयास में 88.66 मीटर का थ्रो किया। वेबर का दूसरा प्रयास खिताब जीतने के लिए काफी था। वॉलकॉट ने तीसरे प्रयास में 81.78 मीटर की दूरी तय की, जबकि चौथे प्रयास में फाउल किया और पांचवें प्रयास में 77 मीटर का थ्रो फेंका। अंतिम प्रयास में उन्होंने 78.30 मीटर का थ्रो किया और 84.95 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो से तीसरे स्थान पर रहे।
TagsDiamond League Final 2025तीसरेसालनीरज चोपड़ाडायमंडउपविजेता जनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज का ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsChhattisgarh NewsHindi NewsInsdia NewsKhabaron SisilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaper
Next Story





