खेल

ऑस्ट्रेलियाई वनडे टीम से कैरी और सदरलैंड बाहर, नए चेहरे शामिल

Tara Tandi
20 Nov 2026 3:45 PM IST
ऑस्ट्रेलियाई वनडे टीम से कैरी और सदरलैंड बाहर, नए चेहरे शामिल
x
मेलबर्न: अनकैप्ड बल्लेबाज अनिका लेरॉयड को अगले महीने श्रीलंका के दाम्बुला में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पहली बार ऑस्ट्रेलिया महिला टीम में शामिल किया गया है। वहीं, 14 सदस्यीय टीम में सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड और निकोला कैरी शामिल नहीं हैं।
अनिका के साथ क्वींसलैंड की चार्ली नॉट को भी टीम में जगह मिली है, जिन्हें पहली बार वनडे टीम में चुना गया है। इन दोनों खिलाड़ियों को हाल ही में भारत 'ए' के ​​खिलाफ ऑस्ट्रेलिया 'ए' सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने के बाद चुना गया है। इसके बाद उन्होंने विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में भी अपना बेहतरीन फॉर्म जारी रखा।
राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने शनिवार को एक बयान में कहा, "हम चार्ली और अनिका को टीम में शामिल करके बहुत खुश हैं। दोनों ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया 'ए' सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया और WBBL में भी अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखा। हम इस दौरे को उनके लिए एक अच्छे मौके के रूप में देखते हैं, जहां वे राष्ट्रीय टीम के साथ यात्रा कर सकेंगी और उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव हासिल कर सकेंगी।"
एनाबेल हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हैं, जिसकी वजह से वह WBBL में भी नहीं खेल पाई थीं। वहीं, निकोला को बेटे के जन्म के बाद 'पार्टनर लीव' (छुट्टी) दी गई है। फ्लेगलर ने बताया, "एनाबेल ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगी और अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन जारी रखेंगी, जिसके कारण वह WBBL से बाहर हो गई थीं। वहीं, निकोला को हाल ही में बेटे के जन्म के बाद 'पार्टनर लीव' दी गई है।"
तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं थीं, क्योंकि वह पीठ की चोट से उबर रही हैं। फ्लेगलर ने कहा, "डार्सी ब्राउन पीठ की चोट से उबर रही हैं, इसलिए उन्हें टीम में नहीं चुना जा सका। वह अभी लंबे रिहैबिलिटेशन दौर से गुजर रही हैं। चैंपियंस ट्रॉफी और उसके बाद होने वाले ऑस्ट्रेलियाई दौरों में उनके खेलने पर फैसला नए साल में लिया जाएगा।"
सोफी मोलिनक्स टीम की कप्तानी करेंगी, जबकि एशले गार्डनर और ताहलिया मैक्ग्रा उप-कप्तान होंगी। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों एलिस पेरी, बेथ मूनी, मेगन शुट और अलाना किंग को भी शामिल किया गया है। ये तीनों मैच ICC महिला चैंपियनशिप का हिस्सा हैं और 15, 18 और 20 दिसंबर को रंगिरी दाम्बुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया ने अपने पिछले नौ वनडे मैच जीते हैं, वे मौजूदा चैंपियनशिप साइकिल में अब तक अजेय रहे हैं और उन्होंने पिछले तीनों संस्करण भी जीते हैं।
फ्लेगलर ने कहा, "ICC महिला चैंपियनशिप के लिहाज से ये वनडे मैच काफी अहम हैं। हम जानते हैं कि अपने घरेलू मैदानों पर श्रीलंका एक मुश्किल प्रतिद्वंद्वी साबित होगा। उपमहाद्वीप में दौरा करना और खेलना सबसे कठिन चुनौतियों में से एक है, लेकिन यह एक बहुत ही बहुमूल्य अनुभव है, खासकर तब जब चैंपियंस ट्रॉफी में अब बस कुछ ही महीने बचे हैं।"
ऑस्ट्रेलिया की टीम: सोफी मोलिनक्स (कप्तान), एशले गार्डनर (उप-कप्तान), ताहलिया मैक्ग्रा (उप-कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन, अलाना किंग, चार्ली नॉट, अनिका लीरॉयड, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शुट, जॉर्जिया वोल और जॉर्जिया वेयरहम।
Next Story