खेल

Asia Cup 2025: टीम इंडिया के ये 5 खिलाड़ी नहीं जाएंगे दुबई

Sarita
30 Aug 2025 6:34 AM IST
Asia Cup 2025: टीम इंडिया के ये 5 खिलाड़ी नहीं जाएंगे दुबई
x
Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से यूएई में होगी, जिसमें इस बार भारत समेत कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टीम इंडिया को पाकिस्तान, यूएई और ओमान टीम के साथ ग्रुप-ए में जगह मिली है। बीसीसीआई की ओर से एशिया कप 2025 के लिए टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका है, जिसमें सूर्यकुमार यादव कप्तानी संभालते नजर आएंगे। वहीं, एशिया कप के लिए दुबई रवाना होने से पहले बीसीसीआई ने एक चौंकाने वाला फैसला भी लिया है।
रिजर्व खिलाड़ियों को दुबई नहीं भेजा जाएगा
भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने जब टीम इंडिया की टीम का ऐलान किया, उस समय उन्होंने चार रिजर्व खिलाड़ियों के नामों की भी घोषणा की थी। इसमें यशस्वी जायसवाल, प्रसिद्ध कृष्णा, रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर और ध्रुव जुरेल के नाम शामिल थे। किसी खिलाड़ी के चोटिल होने के समय इन खिलाड़ियों को मुख्य टीम में शामिल किया जा सकता है। बीसीसीआई ने अब रिजर्व खिलाड़ियों को मुख्य टीम के साथ दुबई नहीं भेजने का फैसला किया है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए अपने बयान में बताया कि स्टैंडबाय खिलाड़ी मुख्य टीम के साथ दुबई नहीं जाएँगे। यह फैसला टीम प्रबंधन की कम लोगों के साथ यात्रा करने की प्राथमिकता को दर्शाता है। जब प्रतिस्थापन की आवश्यकता होगी, तो स्टैंडबाय खिलाड़ियों को दुबई भेजा जाएगा।
भारतीय टीम के खिलाड़ी 4 सितंबर को दुबई पहुँचेंगे
बीसीसीआई ने सभी भारतीय खिलाड़ियों को एशिया कप 2025 में भाग लेने के लिए 4 सितंबर तक दुबई पहुँचने का आदेश दिया है, जिसमें टीम इंडिया का पहला नेट सत्र 5 सितंबर को आईसीसी अकादमी में होगा। भारतीय टीम को टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई की टीम के खिलाफ खेलना है, जबकि 14 सितंबर को उसका सामना दुबई के मैदान पर पाकिस्तान की टीम से होगा।
Next Story