विज्ञान

500 वर्षों से भी अधिक जिंदा रहने वाला है ये दुर्लभ प्राणी

Gulabi Jagat
17 March 2022 1:53 PM GMT
500 वर्षों से भी अधिक जिंदा रहने वाला है ये दुर्लभ प्राणी
x
ब्रिटेन के समुद्र में पृथ्वी पर सबसे लंबे समय तक जीने वाला प्राणी पाया गया है
लंदन, 17 मार्च: ब्रिटेन के समुद्र में पृथ्वी पर सबसे लंबे समय तक जीने वाला प्राणी पाया गया है। यह प्राणी है खूंखार ग्रीनलैंड शार्क, जो कई मायनों में दुर्लभ है और आज भी वैज्ञानिक इसकी रहस्यों से पर्दा नहीं उठा सके हैं। ग्रीनलैंड शार्क की उम्र 250 वर्षों से लेकर 500 वर्षों से भी अधिक हो सकता है। हालांकि, जब इस ग्रीनलैंड शार्क पर इंसान की नजर पड़ी तो उसकी दुखद मौत हो चुकी थी। लेकिन, इस शार्क की मौत के बाद इंग्लैंड में सैकड़ों वर्ष पहले हुए 6 बीवियों वाले एक राजा हेनरी VIII की खूब चर्चा हो रही है।
मिरर की एक रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन के एक सुंदर समुद्र तट पर ग्रीनलैंड शार्क मिली है, जो सभी तरह की रीढ़ वाली प्रजातियों में अधिकतम समय तक जिंदा रहने वाला प्राणी है। इसकी उम्र कम से कम 250 वर्षों से लेकर 500 वर्षों या उससे ज्यादा हो सकती है। इसे सबसे पहले कॉर्नवॉल के पेनजेंस के पास न्यूलिन हार्बर बीच पर 13 मार्च को एक स्थानीय व्यक्ति ने देखा था। लेकिन, दुख की बात यह है कि जब उस शख्स की इसपर नजर पड़ी तो वह दम तोड़ चुकी थी। कॉर्नवॉल वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ने फौरन इस घटना के बारे में मरीन स्ट्रैंडिंग्स नेटवर्क से संपर्क किया और जबतक वे आए, समंदर की लहरें इस दुर्लभ प्राणी को वापस समुद्र में ले जा चुकी थी।
जिस शार्क का शव वापस समुद्र में चला गया था, वह कोई सामान्य शार्क नहीं थी। इसलिए उसे तलाशने की मुहिम आपात स्थिति में शुरू कर दी गई। आखिरकार बुधवार को मरमेड प्लेजर ट्रिप्स के क्रू को इस शार्क का शव मिल गया और वह उसे खींचकर किसी तरह से तट पर ले आए। मरीन स्ट्रैंडिंग्स नेटवर्क ने क्रू को शुक्रिया कहा है , 'आपने बहुत अच्छी तरह से कर दिखाया ट्रेव और किंग्सले आपने किंवदंतियों की तरह कर दिखाया है!'
ग्रीनलांड शार्क मूल रूप से आर्कटिक और उत्तरी अटलांटिक महासागर के मूल निवासी हैं। वैसे यह यूनाइटेड किंगडम के आसपास गहरे समंदर में पाए जा सकते हैं, लेकिन मरीन कंजर्वेशन सोसाइटी ने कहा है कि ब्रिटेन के समुद्र में इसका इंसानों के करीब आना अपने आप में एक बहुत बड़ी दुर्लभ घटना है। इससे पहले यूके के समुद्र में अबतक सिर्फ एक ही ग्रीनलैंड शार्क देखी गई थी। यह घटना 2013 की थी और हैरानी की बात ये है कि वह भी मरी हुई थी।
मरीन स्ट्रैंडिंग्स नेटवर्क ने कहा है कि अब इस शार्क का निश्चित प्रक्रिया के तहत पोस्टमॉर्टम होगा। शायद तभी इसकी मौजूदा उम्र और बाकी चीजों के बारे में पुख्ता तौर पर पता लग सकता है। मरमेड प्लेजर ट्रिप्स के प्रवक्ता ने कहा है, 'एक ग्रीनलैंड शार्क का जीवनकाल सभी कशेरुकी प्रजातियों में सबसे लंबा होता है, जो कि अनुमानित तौर पर 250 से 500 वर्ष के बीच का होता है।.......आप अपने दिमाग पर जोर डालिए और कई सौ वर्ष पीछे चले जाइए। ' उन्होंने कहा, 'लगभग उसी समय जब हेनरी VIII (1509-47 तक इंग्लैंड के राजा थे। इनका जन्म 28 जून, 1491 को हुआ था। उनकी 6 पत्नियां थीं।) अपनी पहली पत्नी से बोर हो चुके होंगे, तब इस शार्क ने जन्म लिया होगा।'
इसे भी पढ़ें-लग्जरी लाइफ जीते हैं 'शार्क टैंक' के जज अशनीर ग्रोवर, घर में है 10 करोड़ की सिर्फ डाइनिंग टेबलइसे भी पढ़ें-लग्जरी लाइफ जीते हैं 'शार्क टैंक' के जज अशनीर ग्रोवर, घर में है 10 करोड़ की सिर्फ डाइनिंग टेबल
ग्रीनलैंड शार्क दुनिया की सबसे विशाल हिंसक शार्क है और इसका सर्वाधिक जीवनकाल आज भी वैज्ञानिकों के लिए रहस्य बना हुआ है। आमतौर पर वैज्ञानिक इसकी आंखों की लेंस की कार्बन डेटिंग से उसकी उम्र का पता लगाते हैं। इससे पहले भी इसी तरह का एक मृत मादा ग्रीनलैंड शार्क समुद्र की गहराइयों में मिली थी, जो 272 से 512 साल के बीच की बताई गई थी।
(तस्वीर सांकेतिक। सौजन्य- दी न्यू यॉर्कर ट्विटर वीडियो से)
Next Story