विज्ञान

मंगल पर दिखा रेत का तूफान

Khushboo Dhruw
1 Oct 2023 7:01 PM GMT
मंगल पर दिखा रेत का तूफान
x

नासा; नासा का पर्सेवरेंस रोवर लगातार मंगल पर खोजबीन कर रहा है। वहां के सैम्पल इकट्ठा कर रहा है। क्योंकि अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का सबसे महत्वाकांक्षी मिशन है धरती के बाहर अंतरिक्ष में कहीं जीवन की तलाश करना। पर्सेवरेंस रोवर को मंगल यात्रा के दौरान बहुत सी अजब चीजें भी मिली हैं जिनके बारे में अक्सर नासा अपने सोशल मीडिया हैंडल से अपडेट भी देती रहती है। लेकिन अब पर्सेवरेंस रोवर को मौसम का एक अद्भुत नजारा मंगल पर देखने को मिला।


मंगल ग्रह पर नासा का रोवर पर्सेवरेंस जेजेरो क्रेटर में खोजबीन कर रहा था। यहां पर चलते हुए उसे मंगल के मौसम का ऐसा नजारा मिला जो अभी तक नहीं देखा गया था। रोवर ने मंगल पर उठ रहे धूल के तूफान का नजारा देखा और उसे कैमरा में कैद कर लिया। यह तूफान मंगल पर पूर्व से पश्चिम की ओर चल रहा था। इसकी स्पीड 19 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। घटना 30 अगस्त की बताई गई है जब यह तूफान थोरोफेअर रिज से होकर गुजर रहा था। नासा ने इसका एक वीडियो भी शेयर किया है।
नासा के मंगल ग्रह के वीडियो में देखा जा सकता है कि मंगल की धूल से भरा ये तूफान जेजेरो क्रेटर के पश्चिमी रिंग से गुजर रहा है। वीडियो 21 फ्रेम से मिलाकर बना है। प्रत्येक फ्रेम में 4 सेकेंड का वीडियो है। वीडियो को 20 गुना स्पीड में दिखाया गया है। वैज्ञानिकों ने कहा है कि डेटा के आधार पर यह तूफान थोरोफेयर रिज से 4 किलोमीटर की दूरी पर था। इसका फैलाव 60 मीटर तक बताया गया है। वीडियो में इसके नीचे का हिस्सा ही दिखाई दे रहा है जो कि 118 मीटर का बताया गया है। जबकि वैज्ञानिकों का कहना है कि यह लगभग 2 किलोमीटर ऊंचा रहा होगा।
रेत के तूफान पृथ्वी पर भी अक्सर उठते रहते हैं। ये तब बनते हैं जब ऊपर उठती गर्म हवा नीचे आ रही ठंडी हवा से मिल जाती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगल पर यह कई गुना बड़े पैमाने पर होता है। इसलिए वहां के तूफान ज्यादा बड़े और ऊंचे होते हैं। वर्तमान में पर्सेवरेंस रोवर मंगल के उत्तरी गोलार्ध में घूम रहा है। वहां पर इस वक्त गर्मियों का सीजन चल रहा है।
क्रेडिट : gadgets360
Next Story