धर्म-अध्यात्म

कान्हा के जन्मोत्सव में ऐसे करें पूजन, खुल जाएंगे किस्मत के दरवाजे

SANTOSI TANDI
4 Sep 2023 2:11 PM GMT
कान्हा के जन्मोत्सव में ऐसे करें पूजन, खुल जाएंगे किस्मत के दरवाजे
x
खुल जाएंगे किस्मत के दरवाजे
जन्माष्टमी का त्योहार श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के उत्साह में मनाया जाता है। इस दिन लोग कृष्ण जी की भक्ति में लीन होकर पूजन करते हैं और मनोकामनाओं पूर्ति की प्रार्थना करते हैं। इस साल यह शुभ पर्व 7 सितंबर 2023 को पड़ रहा है।
इस दिन मंदिरों में सजावट के साथ घर में भी सजावट की जाती है और लड्डू गोपाल का पूजन किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति विधि पूर्वक पूजन करता है उसे सभी पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सफलता का मार्ग खुलता है।
ऐसी मान्यता है कि कृष्ण जी के बाल रूप का पूजन रात्रि में उनके जन्म के समय ही करना शुभ होता है। यदि आप भी जन्माष्टमी पूजन की सही विधि जानना चाहते हैं तो ज्योतिषाचार्य डॉ आरती दहिया जी से जानें पूजन की सही विधि और राशि के अनुसार कैसे पूजा करना शुभ होगा।
जन्माष्टमी पूजन की विधि
कान्हा की पूजा शुरू करने से पहले स्नान आदि से मुक्त होकर साफ़ वस्त्र धारण करें।
एक चौकी पर साफ़ कपड़ा बिछाएं और लड्डू गोपाल को स्थापित करें।
पूजा की थाली में जल, कुमकुम पाउडर, चंदन का पेस्ट, धूप, आरती का दीपक और फूल रखें।
भोग की थाली भी तैयार करें जिसमें पंचामृत, पंजीरी, नारियल की मिठाई, फल या इच्छा अनुसार कोई भी भोग रखें।
कृष्ण के जन्म के पश्चात सबसे पहले लड्डू गोपाल को स्नानकराएं। जिसमें सबसे पहले दूध, दही, घी, शहद मिलाकर स्नान कराएं फिर जल में गंगाजल मिलाकर स्नान कराएं।
लड्डू गोपाल को माथे पर चंदन लगाएं और साफ़ वस्त्रों से सजाएं। मुकुट और बांसुरी जरूर लगाएं।
कृष्ण जन्म की आरती करें और इच्छानुसार भोग अर्पित करें।
सभी परिवार के लोगों में भोग वितरित करें और यदि आप रात्रि में भोजन करते हैं तो भोजन सात्विक रखें और उसका भी भोग कान्हा को समर्पित करें।
राशि के अनुसार कैसे करें पूजन
मेष राशि -यदि आप लड्डू गोपाल को शंख में जल डालकर स्नान कराएंगे और तिलक लगाएंगे तो ये आपके लिए शुभ होगा। आप लड्डू गोपाल को गुलाबी वस्त्रों से सजाएं।
वृषभ राशि -लड्डू गोपाल को दूध से स्नान कराएं और सफेद या नारंगी वस्त्र पहनाएं। भोग में दूध की मिठाई चढ़ाएं।
मिथुन राशि -श्री कृष्ण के साथ राधा रानी का भी श्रृंगार करें और लाल चुनरी चढ़ाएं। लड्डू गोपाल को पीला चंदन लगाएं और केले का भोग लगाएं।
कर्क राशि -जल में दूध और गंगाजल मिलाकर स्नान कराएं और समृद्धि के लिए लड्‌डू गोपाल को चरणामृत चढ़ाएं।
सिंह राशि -शहद और गंगाजल मिलाकर लड्डू गोपाल को स्नान कराएं। नारंगी या पीले वस्त्र कान्हा हो पहनाएं। धनिया की पंजीरी का भोग लगाएं।
कन्या राशि -लड्डू गोपाल को घी और दूध से शंख में जल लेकर स्नान कराएं। हरे रंग के वस्त्र पहनाकर उन्हें सजाएं। भोग में चरणामृत अर्पित।
तुला राशि -लड्डू गोपाल को दूध और चीनी से स्नान कराएं। चन्दन का तिलक लगाएं। माखन मिश्री का भोग लगाएं।
वृश्चिक राशि -गंगाजल से लड्‌डू गोपाल को स्नान कराएं। नारंगी स्त्र पहनाकर उन्हें कुमकुम का तिलक लगाएं। भोग में नारियल और मखाना चढ़ाएं।
धनु राशि -लड्डू गोपाल को दूध से स्नान कराएं। लाल वस्त्रों से सजाएं और नारियल पाक का भोग लगाएं।
मकर राशि -कान्हा को दूध से स्नान कराएं। आटे की पंजीरी का भोग लगाएं और भोग में तुलसी दल अवश्य रखें।
कुंभ राशि -लड्डू गोपाल को दूध और सही से स्नान कराएं। हरे या नीले रंगों के वस्त्रों से सजाएं और भोग में बेसन की मिठाई चढ़ाएं।
मीन राशि -पंचामृत से लड्डू गोपाल को स्नान कराएं और दूध की मिठाई के साथ धनिया की पंजीरी का भोग लगाएं। कान्हा को यदि आप लाल वस्त्र पहनाएंगे तो आपके लिए शुभ होगा।
इस प्रकार जन्माष्टमी में विधि पूर्वक किया गया पूजन विशेष रूप से फलदायी होगा और आपकी मनोकामनाओं की पूर्ति भी करेगा। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Next Story