- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- धर्म-अध्यात्म
- /
- धोखे और हत्या जैसे...
धर्म-अध्यात्म
धोखे और हत्या जैसे कर्मों पर गरुड़ पुराण की क्या मान्यता है? जानें
nidhi
25 Jun 2026 12:52 PM IST

x
गरुड़ पुराण के अनुसार गलत कर्मों का फल, जानें धार्मिक मान्यताएं
Pune murder case: वैसे तो ‘सिया’ नाम मर्यादा, पवित्रता और त्याग की प्रतीक माता सीता का पर्याय माना जाता है, लेकिन पुणे की यह सिया अपने कर्मों से उस पावन नाम के बिल्कुल विपरीत नजर आई, जिसने प्रेम और विश्वास दोनों को कलंकित कर दिया. पुणे से सामने आया यह मामला रिश्तों में धोखे और साजिश की ऐसी कहानी है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है. पुलिस के मुताबिक, रियल एस्टेट कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल की शादी सिया गोयल से तय थी. नवंबर में उदयपुर में शाही शादी होनी थी, तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं. लेकिन इसी बीच सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर ऐसा खौफनाक प्लान बनाया, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया.
इंदौर की सोनम रघुवंशी केस की तरह, जहां हनीमून के दौरान पति की हत्या का आरोप लगा था, पुणे का यह मामला भी प्रेम, विश्वासघात और सुनियोजित साजिश की खौफनाक मिसाल बनकर सामने आया है. जांच में सामने आया कि सिया और चेतन के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों केतन को अपने रास्ते की बाधा मानते थे. पुलिस के अनुसार, 18 जून को सिया ने अपने जन्मदिन के बहाने केतन के साथ लोहागढ़ किले की ट्रेकिंग का प्लान बनाया. इस प्लान में उसने चेतन को भी शामिल किया. आरोप है कि ट्रेकिंग के दौरान दोनों ने मिलकर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
पहले इसे हादसा माना गया, लेकिन फोन रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया चैट्स जैसे डिजिटल साक्ष्यों ने साजिश की परतें खोल दीं. पुलिस ने सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रेम में विश्वासघात और हत्या जैसे पापों के बारे में धर्मग्रंथ क्या कहते हैं.
पुणे जिले से सामने आया यह मामला किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं लगता. एक ओर शादी की तैयारियां चल रही थीं, उदयपुर में शाही विवाह की योजना बन चुकी थी, वहीं दूसरी ओर होने वाली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर की हत्या की साजिश रच रही थी. पुलिस के मुताबिक, केतन अग्रवाल की शादी सिया गोयल से तय थी, लेकिन सिया का प्रेम संबंध चेतन चौधरी के साथ था. दोनों के लिए केतन इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा बन चुका था. आरोप है कि सिया ने जन्मदिन के बहाने लोहागढ़ किले की ट्रेकिंग का प्लान बनाया और वहीं प्रेमी के साथ मिलकर केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया.
शुरुआत में यह मामला हादसा लग रहा था, लेकिन डिजिटल साक्ष्यों ने कहानी बदल दी. पुलिस जांच में फोन रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों से यह संदेह गहराया कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी. इस घटना ने केवल कानून और अपराध की बहस नहीं छेड़ी, बल्कि धर्म और कर्मफल के सवाल भी सामने ला दिए. गरुड़ पुराण में ऐसे पापों—विश्वासघात, व्यभिचार, छल और हत्या—को गंभीर अधर्म माना गया है.
तामिस्र नरक: विश्वासघात और छल करने वालों का दंड
पंडित पुरनेंदु पाठक के अनुसार, गरुड़ पुराण में तामिस्र नरक का उल्लेख उन लोगों के लिए मिलता है, जो किसी का भरोसा तोड़ते हैं, छलपूर्वक संबंध बनाते हैं या दूसरे के जीवन को नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसी आत्मा को यमदूत बांधकर घसीटते हैं, भूखा-प्यासा रखते हैं और अंधकार में पीड़ा देते हैं. रिश्ते में धोखा देकर किसी की जिंदगी तबाह करना इसी श्रेणी का पाप माना गया है.
अंधतामिस्र नरक: वैवाहिक या प्रेम संबंध में धोखा देने की सजा
अगर कोई व्यक्ति विवाह या प्रेम संबंध में दोहरा जीवन जीता है, अपने साथी को धोखा देता है या किसी और के साथ गुप्त संबंध रखते हुए छल करता है, तो गरुड़ पुराण में उसे अंधतामिस्र नरक का भागी बताया गया है. यहां पापी को अंधकार, भ्रम और बेहोशी जैसी पीड़ाएं सहनी पड़ती हैं. यह उस मानसिक अंधेरे का प्रतीक है, जिसमें उसने दूसरे को धकेला था.
रौरव नरक: स्वार्थ में किसी की जान लेने वालों के लिए
जो व्यक्ति अपने प्रेम, वासना या स्वार्थ के लिए किसी निर्दोष की हत्या करता है, उसके लिए रौरव नरक का उल्लेख मिलता है. यहां ‘रुरु’ नामक भयानक जीव पापी को नोचते हैं और उसे लगातार पीड़ा देते हैं. यह उस निर्दयता का परिणाम माना गया है, जो उसने किसी और के जीवन के साथ दिखाई.
ये भी पढ़ें: किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद घर में क्यों किया जाता है गरुड़ पुराण का पाठ?
कुम्भीपाक और शूलप्रोत: व्यभिचार और पापपूर्ण संबंधों की भयावह सजा
गरुड़ पुराण के कुछ वर्णनों में कुम्भीपाक नरक और शूलप्रोत दंड का उल्लेख भी मिलता है. गंभीर व्यभिचार, छल और षड्यंत्र में शामिल लोगों को उबलते तेल के कड़ाह में डाले जाने या कांटेदार दंड भुगतने की बात कही गई है. धार्मिक दृष्टि से यह संदेश है कि पाप केवल कानून से नहीं, कर्मफल से भी पीछा नहीं छोड़ता.
धर्म और कर्म का संदेश
पुणे की यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों में भरोसे की हत्या भी है. गरुड़ पुराण का संदेश साफ है—प्रेम में छल, रिश्ते में विश्वासघात और स्वार्थ के लिए हत्या जैसे कर्म मनुष्य को केवल सामाजिक और कानूनी दंड ही नहीं दिलाते, बल्कि धर्मग्रंथों के अनुसार ऐसे पापों का परलोक में भी कठोर फल भुगतना पड़ता है.
Next Story





