धर्म-अध्यात्म

Sawan Last Somvar 2025: सावन के आखिरी सोमवार को इन शुभ योगों में करें भोलेनाथ की पूजा

Sarita
31 July 2025 9:20 AM IST
Sawan Last Somvar 2025: सावन के आखिरी सोमवार को इन शुभ योगों में करें भोलेनाथ की पूजा
x
Sawan Last Somvar: सावन माह अब अपने समापन की ओर बढ़ रहा है। भगवान शिव को समर्पित यह पवित्र महीना सोमवार के व्रतों के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है, जिन्हें अत्यंत फलदायी माना जाता है। इस वर्ष तीन सोमवार बीत चुके हैं और अब केवल एक आखिरी सोमवार शेष है, जिसे भोलेनाथ की कृपा पाने का अंतिम विशेष अवसर माना जाता है। इस बार सावन 11 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त को समाप्त होगा। इस अवधि में कुल चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिनमें से केवल एक सोमवार शेष है, जो भक्तों के लिए विशेष पुण्यदायी रहेगा।
सावन के आखिरी सोमवार पर बनेंगे कई शुभ योग:
सावन का चौथा और आखिरी सोमवार इस वर्ष 4 अगस्त को पड़ेगा और यह दिन कई शुभ योगों से परिपूर्ण रहेगा। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग का दुर्लभ संयोग बन रहा है। साथ ही चंद्रमा वृश्चिक राशि में रहकर अनुराधा और चित्रा नक्षत्र के साथ संचार करेगा। इसके अलावा, इस पावन सोमवार को ब्रह्म योग और इंद्र योग जैसे अत्यंत शुभ योग भी बन रहे हैं, जो शिव पूजा को और भी फलदायी बनाएंगे।
सावन के आखिरी सोमवार को करें ये शुभ उपाय, भोलेनाथ का मिलेगा आशीर्वाद:
सावन के आखिरी सोमवार को रुद्राभिषेक करना बहुत ही पुण्यकारी माना जाता है। इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और ग्रह दोष शांत होते हैं। मान्यता है कि रुद्राभिषेक से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
इस दिन 108 बेलपत्र लें और प्रत्येक पर सफेद चंदन से "ॐ नमः शिवाय" लिखें। फिर उन्हें एक-एक करके शिवलिंग पर अर्पित करें। साथ ही शमी के पत्तों पर शहद लगाकर भोलेनाथ को अर्पित करें। यह उपाय विशेष फलदायी माना जाता है।
किसी शिव मंदिर में जाकर भक्ति भाव से भगवान शिव की पूजा करें और फिर जरूरतमंदों को भोजन कराएं। अपनी क्षमतानुसार वस्त्र, भोजन या दक्षिणा दान करें। ऐसा करने से पुण्य मिलता है और शिव जी का आशीर्वाद बना रहता है।
Next Story