धर्म-अध्यात्म

Sakat Chauth 2026: शुभ संयोग में सकट चौथ व्रत, जानें उपाय और चंद्रोदय का समय

Sarita
6 Jan 2026 8:35 AM IST
Sakat Chauth 2026: शुभ संयोग में सकट चौथ व्रत, जानें उपाय और चंद्रोदय का समय
x
Sakat Chauth 2026: माघ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर सकट व्रत रखा जाता है। इस दिन माताएं संतान की लंबी उम्र, तरक्की और अच्छी सेहत के लिए उपवास रखती हैं। व्रत का पारण चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद जल ग्रहण करने से किया जाता है। शास्त्रों के मुताबिक, सकट व्रत में गणेश पूजन के साथ- साथ प्रभु को गुड़ और तिल का भोग लगाने का भी खास महत्व होता है। इससे दुखों का अंत होता है और जीवन में सकारात्मकता आती हैं। इसके अलावा सकट व्रत की पूजा में व्रती तिल का एक पहाड़ बनाकर उसे चांदी के सिक्के से काटती हैं, जिसे समस्याओं का अंत का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान महिलाएं संतान के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करते हुए कुछ सरल उपाय भी करती हैं, जो कल्याणकारी होते हैं। मान्यता है कि, सकट पर इन उपायों को करने से गणेश जी प्रसन्न होते हैं। साथ ही करियर-कारोबार में आ रही बाधाएं भी दूर होती हैं। आइए इन उपायों को जानते हैं।
सकट चौथ 2026:
पंचांग के मुताबिक माघ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि का आरंभ 6 जनवरी, मंगलवार को सुबह 8 बजकर 2 मिनट पर होगा।
इसका समापन अगले दिन यानी 7 जनवरी, बुधवार को सुबह 6 बजकर 53 मिनट पर होगा।
तिथि के मुताबिक, 6 जनवरी, मंगलवार को सकट चौथ का व्रत मान्य होगा।
शुभ मुहूर्त और चंद्रोदय :
चांद निकलने का समय- रात 8 बजकर 54 मिनट
लाभ - उन्नति - सुबह 11:09 से 12:27
अमृत - सर्वोत्तम - दोपहर 12:27 से 01:45
शुभ - उत्तम - दोपहर 03:03 से 04:21
लाभ - उन्नति -शाम 07:21 से 09:03
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, सकट चौथ पर आप अपनी संतान से तेल व गुड़ का दान कराएं। साथ ही भगवान गणेश की पूजा भी कराएं। इससे कार्यों में आ रही बाधाएं दूर और करियर में सफलता के योग बनते हैं।
सकट चौथ पर शाम को पूजा के समय गणेश जी की आरती करें। इस दौरान प्रभु को घी व गुड़ का भोग लगाएं। इस दौरान उन्हें 11 दूर्वा भी चढ़ाएं। इससे सभी कष्टों का निवारण होने लगता है।
सकट चौथ पर आप गणेश जी के समक्ष शुद्ध देसी घी का एक दीपक जलाएं। फिर प्रभु को मोदक का भोग लगाएं। इस दौरान एक कपूर भी जलाएं। इसके प्रभाव से मन से सभी तरह की नकारात्मकता दूर होकर सकारात्मकता प्रवेश करती हैं।
ज्योतिषियों के मुताबिक, सकट व्रत के दिन आप चांद निकलने के साथ एक जल के लोटे में चंदन मिलाएं। इसमें पुष्प, अक्षत भी मिला लें और फिर ॐ गं गणपतये नमः मंत्र का जप करें। इससे जीवन में सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। साथ ही संतान सुख भी मिलता है।
सकट चौथ पर आप हरी चीजों का दान करें। इस दौरान आप पढ़ाई से जुड़ी सामग्रियों को भी दान में दे सकते हैं। यह शुभ होता है। इससे प्रभु प्रसन्न होकर अपनी विशेष कृपा बरसाते हैं।
Next Story