धर्म-अध्यात्म

Nag Panchami 2025: नाग पंचमी के दिन घर के मुख्य द्वार पर क्यों बनाई जाती है नाग देवता की तस्वीर,जानें धार्मिक महत्व

Sarita
27 July 2025 10:26 AM IST
Nag Panchami 2025: सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है और अगर इस महीने में उनकी विधि-विधान से पूजा की जाए तो जीवन में आ रही परेशानियों से मुक्ति मिलती है। सावन के महीने में कई व्रत और त्योहार आते हैं जिनका विशेष महत्व माना जाता है और इन्हीं में से एक है नाग पंचमी का त्योहार। जो हर साल सावन मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष नाग पंचमी 29 जुलाई 2025 को मनाई जाएगी। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अगर किसी की कुंडली में कालसर्प दोष है तो उसे नाग पंचमी के दिन नाग देवता की पूजा अवश्य करनी चाहिए।
नाग पंचमी से जुड़ी परंपराएं:
नाग पंचमी का त्योहार देश भर में अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है। कुछ जगहों पर इस दिन नाग देवता को दूध पिलाने की परंपरा है, तो कुछ जगहों पर व्रत रखा जाता है। कई जगहों पर नाग पंचमी के दिन घर के मुख्य द्वार पर नाग देवता की तस्वीर बनाई जाती है और इसके पीछे एक बेहद खास कारण छिपा है।
घर के मुख्य द्वार पर नाग देवता की तस्वीर:
नाग पंचमी के दिन नाग देवता की पूजा का विधान है और कुछ जगहों पर इस दिन घर के मुख्य द्वार पर नाग देवता की तस्वीर या आकृति बनाई जाती है। ऐसा करना बेहद शुभ माना जाता है और इसके पीछे एक खास कारण है। हिंदू धर्म शास्त्रों में नाग देवता को देवी लक्ष्मी का अनुयायी माना जाता है। कहा जाता है कि नाग पंचमी के दिन घर के मुख्य द्वार पर नाग देवता की आकृति बनाने से घर में देवी लक्ष्मी का वास होता है और सुख-समृद्धि आती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर नाग पंचमी के दिन घर के मुख्य द्वार पर नाग देवता की तस्वीर बनाई जाए और उसकी पूजा की जाए, तो कुंडली में मौजूद कालसर्प दोष का प्रभाव कम हो जाता है। इसके साथ ही सर्प भय से भी मुक्ति मिलती है। इतना ही नहीं, नाग देवता की पूजा करने से राहु-केतु के दुष्प्रभाव भी कम होते हैं।
Next Story