धर्म-अध्यात्म

Mahashivratri 2025: 26 फरवरी को रखा जाएगा महाशिवरात्रि व्रत, जानें रात्रि के चारों प्रहर की पूजा का शुभ मुहूर्त

Renuka Sahu
11 Feb 2025 1:55 AM GMT
Mahashivratri 2025: 26 फरवरी को रखा जाएगा महाशिवरात्रि व्रत, जानें रात्रि के चारों प्रहर की पूजा का शुभ मुहूर्त
x
Mahashivratri 2025: काशी समेत देश के अलग-अलग राज्यों में महाशिवरात्रि के दिन शिव बारात निकाली जाती है। बता दें कि महाशिवरात्रि के दिन ही भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था। महाशिवरात्रि के दिन भक्तगण उपवास रखकर महादेव और मां गौरी की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसा करने से उन्हें मनोवांछित फलों की प्राप्ति होती है। बता दें कि महाशिवरात्रि की पूजा दिन के साथ ही रात में भी की जाती है। ब्रह्म मुहूर्त की तरह ही महाशिवरात्रि की रात्रि पहर की पूजा भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। तो आइए जानते हैं महाशिवरात्रि के दिन रात्रि चार प्रहर की पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा।
महाशिवरात्रि 2025 व्रत डेट
इस साल महाशिवरात्रि का व्रत 26 फरवरी 2025 को रखा जाएगा। फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि का प्रारंभ 26 फरवरी को सुबह 11 बजकर 8 मिनट पर होगा। चतुर्दशी तिथि का समापन 27 फरवरी को सुबह 8 बजकर 54 मिनट पर होगा। शिवरात्रि का व्रत करने से जहां वैवाहिक जीवन में मधुरता आती है वहीं कुंवारी कन्याओं को मनचाहा जीवनसाथी की प्राप्ति होती है। महाशिवरात्रि का व्रत करने से महादेव और माता पार्वती की विशेष कृपा प्राप्त होती है। बता दें कि महाशिवरात्रि व्रत का पारण अगले दिन सूर्योदय के बाद किया जाता है।
महाशिवरात्रि चार प्रहर पूजा
बता दें कि महाशिवरात्रि की पूजा रात्रि के समय एक या चार बार की जा सकती है। रात्रि के चार प्रहर होते हैं और हर प्रहर में शिव पूजा की जा सकती है। महाशिवरात्रि के दिन प्रथम प्रहर रात्रि पूजा शाम 06 बजकर 43 मिनट से रात 09 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। दूसरा प्रहर रात्रि पूजा रात 09 बजकर 31 मिनट से 27 फरवरी को मध्यरात्रि 12 बजकर 51 मिनट तक रहेगा। तीसरा प्रहर रात्रि पूजा 27 फरवरी को मध्यरात्रि 12 बजकर 51 मिनट से भोर 3 बजकर 55 मिनट तक रहेगा। वहीं चौथा प्रहर रात्रि पूजा 27 फरवरी को भोर 3 बजकर 55 मिनट से सुबह 6 बजकर 59 मिनट तक रहेगा।
Next Story