भारत

कैंप चौक पर युवक का हंगामा, बहन से मारपीट के बाद ट्रैफिक बूथ में तोड़फोड़

Shantanu Roy
24 April 2026 5:51 PM IST
कैंप चौक पर युवक का हंगामा, बहन से मारपीट के बाद ट्रैफिक बूथ में तोड़फोड़
x
Hisar. हिसार। हिसार के कैंप चौक पर गुरुवार देर शाम एक सिरफिरे युवक द्वारा किए गए तांडव ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। पहले युवक ने बीच सड़क अपनी ही बहन के साथ मारपीट की और उसके बाद ट्रैफिक पुलिस बूथ में घुसकर जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड्स के साथ भी मारपीट की गई और उनकी वर्दी फाड़ दी गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक कार में बैठी युवती और उसके भाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर युवक ने अचानक अपनी बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी।
डर के कारण युवती किसी तरह बचकर कैंप चौक स्थित ट्रैफिक बूथ पर पहुंची और वहां मौजूद होमगार्ड्स से मदद मांगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए होमगार्ड्स ने तत्काल युवक को काबू में कर लिया और उसे ट्रैफिक बूथ में बैठा दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी युवक और अधिक उग्र हो गया। उसने होमगार्ड्स दीपक और प्रदीप के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। यही नहीं, आरोपी ने ट्रैफिक बूथ के शीशों पर हमला कर उन्हें तोड़ दिया, जिससे बूथ को भी काफी नुकसान पहुंचा। हंगामे के दौरान युवक ने खुद को भी चोटिल कर लिया। आसपास मौजूद लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पीएलए चौकी, पीसीआर और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी युवक को काबू में लेकर पीसीआर वाहन में बैठाया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। होमगार्ड प्रदीप कुमार ने बताया कि वे कैंप चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे, तभी एक युवती मदद मांगने पहुंची और बताया कि उसका भाई उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसके बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया, लेकिन वह अचानक हिंसक हो गया और हमला कर दिया। घटना के बाद होमगार्ड्स ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी।
जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक ने अचानक इतना उग्र व्यवहार क्यों किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कैंप चौक जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी और बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है और उसके मानसिक स्थिति तथा विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Next Story